स्योहारा। मुरादाबाद सड़क स्थित एक ऑटो गैरेज में देर रात छत का जाल काटकर घुसे दो अज्ञात चोर एसी के कंप्रेशर, तांबे की मैग्नेट कॉयल और सोलर पैनल का तार चोरी कर ले गए। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुरादाबाद सड़क स्थित नेशनल ऑटो मोबाइल शॉप गैरेज में रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे दो अज्ञात चोर छत के रास्ते जाल काटकर दुकान के अंदर घुस गए। चोर दुकान से दो एसी के कंप्रेशर, तीन तांबे की मैग्नेट कॉयल तथा सोलर पैनल का करीब 80 मीटर तार चोरी कर फरार हो गए। सोमवार सुबह दुकान स्वामी मैसर अली पुत्र मुकर्रम जलील निवासी मोहल्ला मुस्लिम चौधरियान, स्योहारा जब गैरेज पहुंचे तो सामान बिखरा पड़ा मिला। जांच करने पर चोरी का पता चला, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
सीओ धामपुर अंजनी कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दो अज्ञात व्यक्ति दुकान में आते-जाते दिखाई दिए हैं। आसपास के अन्य कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है। प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।