बिजनौर के रेहड़ में पत्नी की तकरार के कारण एक युवक ने फांसी लगा ली। पता चलने पर परिजनों में हड़कंप मच गया और उसे उतार कर निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां युवक की मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर आनन फानन में अंतिम संस्कार कर दिया।
एक गांव निवासी 32 वर्षीय युवक की शादी सात माह पहले क्षेत्र निवासी एक युवती के साथ हुई थी। शादी के बाद से दोनों का वैवाहिक जीवन तनाव पूर्ण रहने लगा। बढ़ती तकरार के कारण युवक ने बुधवार को फांसी के फंदे पर झूलकर मौत को गले लगा लिया। इसी दौरान परिजन वहां पहुंच गए और उसे उतार कर निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां पर उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर बुधवार की रात में ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया। उधर, इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह का कहना है कि किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर पर ही जांच की जाएगी।
महिला ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
बढ़ापुर। गांव इस्लामाबाद निवासी राजेंद्र सिंह दूसरे जनपदों में रहकर मेहनत मजदूरी करता है। बृहस्पतिवार शाम उसकी पत्नी नीता (40) घास काटने जंगल गई थी। उसके साथ दस साल की बेटी निक्की भी थी। नीता ने जंगल में निक्की से एक खेत में खड़े पेड़ से अमरूद तोड़कर लाने को कहा।
निक्की के जाते ही नीता ने पेड़ पर चुनरी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। निक्की जब लौटी तो मां का शव पेड़ से लटका देखकर उसकी चीख निकल गई। उसने ग्रामीणों को घटना के बारे में बताया। ग्रामीण शव को गांव ले आए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।