मानपुर में महिला की मौत पर विलाप करते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
चांदपुर में बास्टा क्षेत्र के गांव मानपुर में खेत पर पानी दे रही महिला की हाईटेंशन लाइन के टूटे तार की चपेट में आने से मौत हो गई। महिला की मौत से गांववासियों में रोष बना हुआ है। परिजनों ने बिजली निगम के अधिकारियों के आने तक व मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर घंटों शव को नहीं उठने दिया। मौके पर पहुंची विधायक कमलेश सैनी व नायब तहसीलदार के मुआवजा दिलाने के आश्वासन पर साढ़े चार घंटे बाद परिजनों ने शव को उठने दिया।
गांव मानपुर निवासी यशपाल सिंह उर्फ मोनू की 26 वर्षीय पत्नी कविता रविवार की दोपहर खेत में पानी दे रही थी। परिजनों ने बताया कि करीब पौने तीन बजे अचानक 11 हजार की लाइन का तार टूट गया, जिसकी चपेट में आने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मौत की खबर से परिजन व गांववासी मौके पर पहुंचे। परिजनों ने पुलिस के समझाने के बाद भी शव को उठने नहीं दिया। परिजनों का कहना है कि जब तक विद्युत निगम का कोई बड़ा अधिकारी नहीं आता तब तक शव उठने नहीं दिया जाएगा।
परिजन व गांववासियों का कहना है कि जर्जर बिजली लाइन बदलवाने व मुआवजा दिए जाने तक शव को उठने नहीं देेंगे। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार सत्यपाल सिंह, कानूनगो, लेखपाल आदि ने गांववासियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन गांववासी अपनी मांग पर अड़े रहे। विधायक कमलेश सैनी ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली तथा इसमें लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। सरकार से जो भी अधिक से अधिक मदद होगी कराई जाएगी। विधायक कमलेश सैनी व नायब तहसीलदार के मुआवजा दिलाने के आश्वासन पर साढ़े चार घंटे बाद शव को उठाने दिया।