कालागढ़। कालागढ़ में रविवार को हाथीशाला के सामने मिली मानव खोपड़ी की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी संजीव ममगाई के वाहन के पीछे दिन में ही बाघ आ गया। बाघ को दिन में ही सड़क पर देखकर सभी के पसीने छूट गए। हालांकि कुछ देर बाद ही बाघ जंगल में चला गया।
वहीं पुलिस को जांच के दौरान हाथीशाला के पीछे सूखास्रोत के पास झाड़ी में गुमशुदा 40 वर्षीय भारत सिंह के रक्तरंजित कपड़े मिले हैं। वहीं आसपास रक्त भी मिला है। पुलिस की जांच के दौरान देखने में आया कि रामगंगा बांध परियोजना के केंद्रीय भंडार खंड तीन के परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे काम नहीं कर रहे हैं। यदि कैमरे काम कर रहे होते तो संभवत: बाघ को देखा जा सकता था।
पुलिस के जांच अधिकारी संजीव ममगाई के अनुसार अनुमान लगाया जा रहा है कि बाघ हाथीशाला के पीछे से होकर दीवार लांघकर 33 केवीए बिजलीघर की ओर पहुंचा होगा। इस दौरान वह गुमशुदा को जंगल में ले गया। शरीर के धड़ आदि की तलाश जारी है। उधर गुमशुदा के परिवार के सदस्य घटना को लेकर बेहाल हैं। परिवार के सदस्य पुलिस टीम के साथ तलाशी अभियान में लगे हैं।
रात में घर से बाहर न निकलें, पुलिस व वन अधिकारी सुरक्षा को लेकर चिंतित : कालागढ़ में बाघ की दहशत इस कदर बढ़ चुकी है कि पुलिस व वन विभाग दोनों को ही नागरिकों की सुरक्षा की चिंता सताने लगी है। देर रात पुलिस व वन विभाग की टीमों ने नई काॅलोनी से अन्य आबादी क्षेत्रों में जाकर वाहन में बैठकर शाम से ही घरों से बाहर नहीं जाने की हिदायत देनी शुरू कर दी है। लाउडस्पीकर के माध्यम से जनता को सजग किया जा रहा है।