बिजनौर में भीषण ठंड में जाती स्कूटी सवार।
- फोटो : BIJNOR
बिजनौर। दो दिन से गलन भरी सर्दी हो रही थी। बुधवार सुबह धूप निकली तो बच्चों से लेकर बूढ़ों ने धूप का जमकर आनंद लिया। दिन भर धूप निकलने के बावजूद शीतलहर ने पीछा नहीं छोड़ा और मौसम में ठिठुरन बरकरार रही।
बुधवार सुबह आसमान में बादल छाए रहने से धूप निकलने के आसार नहीं दिख रहे थे। बादल और सूरज के बीच लुकाछिपी का खेल चलता रहा। कभी अचानक बादल छा जाते तो कभी हल्की धूप निकलने लगती। काफी देर बाद सूर्य देव ने दर्शन दिए। पिछले दो दिनों से दिन में एक या दो घंटे के लिए ही धूप निकलने से हाड़ कंपा देने वाली सर्दी से राहत नहीं मिल पा रही थी। गलन भी काफी थी और ठिठुरन पीछा ही नहीं छोड़ रही थी। बुधवार सुबह निकली तेज धूप ने बुजुर्गों और रोगियों के लिए संजीवनी का काम किया। मौसम अनुसंधान केंद्र नगीना के प्रेक्षक सतीश कुमार के अनुसार बुधवार को जिले का अधिकतम तामपान 18.04 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 06.01 सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय की आर्द्रता 92 प्रतिशत रही, जो धूप निकलने के कारण घटकर दोपहर में 79 फीसदी पर पहुंच गई।