हाथी के सड़क पर आने से बांध का रास्ता बंद
कालागढ़। सैडिल बांध मार्ग पर हाथी के रास्ते में खड़े हो जाने से तीन दिनों से बांध पर अधिकारी व कर्मी नहीं जा पा रहे हैं। मानसून में रामगंगा के जलस्तर पर निगरानी में बाधा आ रही है। बांध के अधिकारियों ने कार्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक को पत्र लिखकर बांध पर जाने वाले वाहनों में सशस्त्र गश्ती दल भेजने की मांग की है।
कालागढ़ क्षेत्र में दन दिनों हाथियों की बढ़ती चहलकदमी के कारण रामगंगा बांध परियोजना के कार्यस्थल व रिहायशी इलाकों में खतरा पैदा हो गया है। रामगंगा बांध के सहायक सैडिल बांध पर तो तीन दिनों से अधिकारी व कर्मी तक नहीं जा पा रहे हैं। जिसकी वजह से मानसून के दौरान रामगंगा नदी के जलस्तर व आवश्यक कार्य ठप्प हो गए हैं। बांध का जलस्तर पहाड़ों पर हो रही बारिश के चलते 349 मीटर को पार कर गया है। रामगंगा बांध व सैडिल बांध के जलाशयों के जलस्तर प्रतिदिन शासन को भेजे जाते हैं। तीन दिनों से सैडिल बांध के जलाशय का जलस्तर बांध के कर्मी नाप नहीं पा रहे हैं। कांदरू मंदिर से हथिया सोत तक प्रतिदिन एक हाथी मार्ग पर आकर खड़ा हो जाता है। वाहन को देखकर उसकी ओर दौड़ पड़ता है।