हफ्तेभर में ही उखड़ने लगी सड़क
मंडावली/नजीबाबाद। मंडावली क्षेत्र में एक सप्ताह बाद ही नवनिर्मित सड़क क्षतिग्रस्त हो गई। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में घटिया सामग्री लगाने का आरोप हुए प्रदर्शन किया। ग्रामीणों की शिकायत पर लोनिवि के जेई ने मौका मुआयना किया।
लोनिवि ने मंडावली क्षेत्र में गांव मंझाड़ी से लाहककलंा तक चार किमी सड़क का निर्माण कराया था। मार्ग का निर्माण एक सप्ताह पूर्व ही हुआ था, जो कई स्थानों से उखड़ने लगी है। गांव लाहककलां के प्रधान राकेश प्रजापति, ग्रामीण कुलदीप, चमन तोमर, छोटे सिंह, पवन कुमार, हरपाल सिंह का कहना है कि गांव मंझाड़ी से लाहककलां तक मानकों के अनुरूप सड़क नहीं बनाई गई। निर्माण कार्य में अनियमितता बरती गई है। इस कारण एक सप्ताह बाद ही सड़क उखड़ने लगी है। ग्रामीणों ने ठेकेदार के खिलाफ प्रदर्शन कर लोनिवि विभाग से मार्ग पुनर्निर्माण कराने की मांग की। नवनिर्मित मार्ग का निरीक्षण करने पहुंचे जेई पन्ना लाल को मार्ग निर्माण कार्य में कई खामियां मिलीं।
लोनिवि ने रोका ठेकेदार का भुगतान
नजीबाबाद। लोनिवि ने गांव मंझाड़ी से लाहककलां तक सड़क निर्माण कार्य में खामियां मिलने पर संबंधित ठेकेदार का भुगतान रोक दिया है। जेई पन्ना लाल का कहना है कि संबंधित ठेकेदार को सही प्रकार से मार्ग का निर्माण कराने के निर्देश दिया गया है। जब तक मार्ग का निर्माण मानकों के अनुरूप नहीं होगा, तब तक निर्माण कार्य का भुगतान नहीं किया जाएगा।