अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम का विरोध, हंगामा
नजीबाबाद। ग्राम पंचायत गढ़मलपुर में सार्वजनिक रास्ते पर अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व विभाग की टीम के सामने आगजनी से हड़कंप मच गया। अतिक्रमण हटाने आई जेसीबी को फैलती आग रोकने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। ग्रामीणों ने प्रशासन पर आग लगवाने का आरोप लगाया है।
ग्राम पंचायत गढ़मलपुर के तसलीम, शमीम, नसीम, बुद्धू सहित अनेक ग्रामीणों ने गांव के इकबाल और उसके पुत्रों द्वारा गांव से मुख्य मार्ग को जोड़ने वाले सीसी मार्ग को अवरुद्ध कर सड़क बनाने की शिकायत प्रशासन से की थी। ग्रामीणों का आरोप था कि दीवार बनाने से गांव के पानी की निकासी और आवागमन प्रभावित हुआ है तथा गांव के संपर्क मार्गों पर पानी भरने से ग्रामीण परेशान हैं। एसडीएम परमानंद झा के निर्देश पर तहसीलदार राधेश्याम शर्मा ने राजस्व कर्मचारियों और पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचकर ग्राम पंचायत द्वारा कई वर्ष पहले बनाए सीसी मार्ग के दोनों और बनाई दीवार को जेसीबी से हटवाया। राजस्व विभाग की दीवार हटाकर पानी निकासी और रास्ता सुचारु कराने की कार्रवाई शुरू होते ही कुछ फासले पर आरोपी के परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। प्रशासन का आरोप है कि जिस स्थान पर लकड़ियां आदि रखीं थीं उसके ऊपर पड़े छप्पर में आग लगा दी गई। आगजनी होते ही राजस्व कर्मचारी और पुलिसकर्मी घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। जेसीबी आदि के माध्यम से आग पर काबू पाया गया।
तहसीलदार ने बताया कि अनाधिकृत रूप से रास्ते को रोककर गांव का सार्वजनिक रास्ता अवरुद्ध करने और जलभराव की समस्या पैदा करने वाले इकबाल और उसके पुत्रों ने प्रशासन पर दबाव बनाने की नियत से आगजनी की। एसडीएम परमानंद झा और तहसीलदार राधेश्याम ने क्षेत्रीय ग्राम पंचायत अधिकारी रणजीत कुमार को वर्षों से चले आ रहे रास्ते को अवरुद्ध करने और आगजनी की कार्रवाई के खिलाफ आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश किए हैं।
प्रशासन पर आगजनी के आरोप की वीडियो वायरल
नजीबाबाद। गांव गढ़मलपुर में अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व टीम पर पुलिस की मौजूदगी में आग लगाने का वीडियो वायरल हुआ है। इकबाल अहमद पक्ष की ओर से वायरल वीडियो में तहसीलदार और पुलिसकर्मियों पर आग लगवाने और जबरन अतिक्रमण हटाने के आरोप लगाए गए हैं।
नजीबाबाद के गढ़मलपुर में राजस्व कर्मचारियों से जानकारी करते तहसीलदार।- फोटो : NAZIBABAD