नजीबाबाद में पोलियो ड्रॉप में जहर मिला है। हमें इसे नौनिहालों को नहीं पिलाने देंगे। गांव फजलपुर हबीब के कुछ मुस्लिम परिवारों के आवाज उठाने पर पहुंचे बीएमसी, उलमा और समाजसेवी लोगों ने लोगों का दवा पिलाने के लिए स्वयं दवा पीकर राजी किया।
रविवार सुबह आठ बजे पल्स पोलियो अभियान शुरू हुआ। महज एक घंटे के भीतर ही अभियान में अवरोध उत्पन्न हो गया। गांव फजलपुर हबीब स्थित कुछ मुस्लिम परिवारों से पांच वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पोलियो बूथ पर लाने के लिए पहुंचीं बुलव्वा टोलियों को लौटा दिया गया।
उनसे कह दिया गया कि पोलियो ड्रॉप में जहर मिला हुआ है। हम यह दवा अपने बच्चों को नहीं पिलवाएंगे। अभियान में जुटी टीमों द्वारा यह मैसेज स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को भेजा गया। अभियान के बीएमसी हाशिम अहमद, राजीव कुमार आनन-फानन में गांव पहुंच गए।
इमाम हाफिज गुड्डू, मदीना मस्जिद के मुतवल्ली डॉ.सलीम, प्रधान पति अब्दुल वाहिद, पूर्व प्रधान अबरार आलम, हलीम दानिश आदि ने अफवाह के खात्मे के लिए मोर्चा संभाला। उन्होंने स्वयं पोलियो ड्रॉप पी और मुस्लिम परिवारों के मुखिया को अपने बच्चों को ड्रॉप पिलाने के लिए राजी किया।