बदलेगी आंगनबाड़ी केंद्रों की तस्वीर
बिजनौर। मिशन कायाकल्प योजना के अंतर्गत जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों की भी सूरत बदली जाएगी। योजना में आंगनबाड़ी केंद्रों में भी काम होगा। केंद्रों में फर्श ठीक किए जाएंगे और अक्षर ज्ञान के लिए कार्टून वाली वॉल पेंटिंग भी की जाएगी। परिषदीय स्कूलों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में भी ये काम किए जाएंगे।
परिषदीय स्कूलों को सभी सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। परिषदीय स्कूलों में फर्नीचर, मल्टी हैंडवॉश, पानी के लिए मोटर आदि की व्यवस्था की जा रही है। गांवों में आंगनबाड़ी केंद्र भी परिषदीय स्कूलों में ही बने हैं। गांवों में करीब 1500 आंगनबाड़ी केंद्र परिषदीय स्कूलों में हैं। परिषदीय स्कूलों में मिशन कायाकल्प के अंतर्गत काम हो रहा है तो आंगनबाड़ी केंद्रों को भी इसमे ही शामिल कर लिया गया है। मिशन कायाकल्प योजना में केंद्रों में टूूटे फूटे फर्श को ठीक किया जाएगा, बालिकाओं के शौचालय की व्यवस्था सुधारी जाएगी और बिजली आदि की भी व्यवस्था की जाएगी। सबसे प्रमुख काम बच्चों के अक्षर ज्ञान को लेकर किया जाएगा। केंद्रों की दीवारों पर अक्षर ज्ञान के लिए कविताएं, शब्द आदि लिखे जाएंगे। बच्चों को आकर्षित करने के लिए दीवारों पर कार्टून आदि भी बनाए जाएंगे। केंद्रों पर बच्चों को अक्षर ज्ञान भी दिया जाएगा। जिला कार्यक्रम अधिकारी नरेंद्र मिश्रा के अनुसार मिशन कायाकल्प योजना में आंगनबाड़ी केंद्रों में भी काम कराया जा रहा है। आंगनबाड़ी केंद्रों में सुविधाएं दी जाएंगी और दीवारों को पेंटिंग से आकर्षक बनाया जाएगा।