यह परीक्षा 25 एवं 30 अक्तूबर और एक नवंबर को दो पालियों में होगी परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 जिले में 25 और 30 अक्तूबर तथा एक नवंबर को आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए जनपद में 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन पर कुल 10,656 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में कराई जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक डीके सक्सेना ने बताया कि पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक चलेगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था संभालने के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे। परीक्षा के लिए स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं।
आयोग की ओर से जारी परीक्षा केंद्रों की सूची के अनुसार बिजनौर शहर के विभिन्न इंटर कॉलेजों और विद्यालयों के साथ किरतपुर, नजीबाबाद, धामपुर, नगीना और अन्य क्षेत्रों के शिक्षण संस्थानों को भी केंद्र बनाया गया है। इनमें आर्य वैदिक कन्या इंटर कॉलेज बिजनौर, वर्धमान डिग्री कॉलेज, किसान इंटर कॉलेज मंडावली, डीएवी इंटर कॉलेज बिजनौर, राजकीय इंटर कॉलेज बिजनौर, हिंदू इंटर कॉलेज किरतपुर, किसान इंटर कॉलेज नगीना,मॉडर्न एरा पब्लिक स्कूल मंडावर बिजनौर और बिजनौर इंटर कॉलेज समेत अन्य संस्थान शामिल हैं। माध्यमिक शिक्षा विभाग व जिला प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित कराने के साथ सुरक्षा व्यवस्था के भी निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षा के दौरान पुलिस बल की तैनाती रहेगी। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन कराने और केंद्रों पर सतर्कता बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
- अन्य जिलों के अभ्यर्थियों को भी आवंटन हुए केंद्र
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 की तैयारी युद्धस्तर पर चल रही है। सूत्रों के अनुसार लखनऊ और आसपास के कई जिलों के अभ्यर्थियों को बिजनौर के परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए हैं। दूर से आने वाले अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।