नजीबाबाद। विद्युत विभाग की नई शेड्यूल व्यवस्था से कारोबारी परेशान हैं। व्यापारियों ने विद्युत विभाग पर शेड्यूल के अतिरिक्त आपात कटौती के बाद उसके ऐवज में कंट्रोल द्वारा दी जाने वाली बिजली उपभोक्ताओं को न देने का आरोप लगाया है।
नगर क्षेत्र के लिए लागू की गई नई शेड्यूल व्यवस्था से कारोबारी परेशान हैं। नई शेड्यूल व्यवस्था में रात दो बजे से सुबह दस बजे तक, दिन में एक बजे से 3:45 बजे तक और सायं 6.45 बजे से रात 11 बजे तक बिजली दिए जाने की व्यवस्था है।
शेड्यूल के अनुसार लगभग 15 घंटे बिजली दी जानी है, लेकिन नगर क्षेत्र को लगभग 12 घंटे औसतन बिजली मिल पा रही है। दिन में कारोबार के समय बिजली कटौती व्यापारियों के लिए सिरदर्द बन गई है। दिन में शेड्यूल के अतिरिक्त कंट्रोल आपात कटौती कराता है।
कटौती के बाद कंट्रोल उसके ऐवज की बिजली देने के निर्देश के साथ बिजली सुचारु करा देता है, लेकिन विद्युत वितरण विभाग उसे शेड्यूल की कटौती में शामिल कर देता है।
शेड्यूल में रात दो बजे से प्रात: दस बजे तक लगातार बिजली दिए जाने के आदेश हैं, लेकिन सुबह पांच बजे से सात बजे तक दो घंटे की जबरन कटौती की जा रही है।
व्यापारी नेता शिवकुमार माहेश्वरी, शाहिद सिद्दीकी, नईम टाटा, अनिल गोयल, तसनीम सिद्दीकी ने विद्युत के नए शेड्यूल को बदलकर पहली शेड्यूल व्यवस्था लागू किए जाने की मांग की है।
ग्रामीण क्षेत्र में भी दस घंटे बिजली के दिन-रात के शेड्यूल से ग्रामीणों को औसतन सात घंटे बिजली नहीं मिल रही। जिससे सिंचाई व्यवस्था, लघु उद्योग प्रभावित है।
एसडीओ पीडी गौतम ने बताया कि उपभोक्ताओं को शेड्यूल के अनुसार बिजली देने के प्रयास किए जाते हैं। आपात स्थिति में अतिरिक्त बिजली भी उपलब्ध कराई जाती है।
उन्होंने वर्तमान शेड्यूल व्यवस्था की शिकायत मिलने पर कारोबारियों की समस्या से उच्चाधिकारियों को अवगत कराने की बात कही।
विद्युत आपूर्ति बदहाली पर रोष जताया
बरूकी। भाकियू भानू की बैठक में विद्युत व्यवस्था की बदहाली पर रोष व्यक्त किया गया। चेतावनी दी कि विद्युत व्यवस्था सुचारु न होने पर आंदोलन किया जाएगा।
गांव पीपलसाना में हुई बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष महावीर पाल ने कहा कि देहात में विद्युत व्यवस्था बद से बदतर हो गई है। बिजली आपूर्ति का कोई शेड्यूल नहीं है। देर रात बिजली आने से किसान अपने कुओं का संचालन भी नहीं कर पा रहे हैं।
वक्ताओं ने आपूर्ति सुचारु न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। बैठक में खूब सिंह, बलवीर सिंह, सत्यवीर, पद्म सिंह, घासीराम आदि किसान मौजूद रहे। उधर, शादीपुर विद्युत उपकेंद्र के जेई बिजेंद्र सिंह ने बताया कि बिजली आपूर्ति का फिलहाल कोई शेड्यूल नहीं है।
जिस समय कंट्रोल से बिजली मिलती है, उसी समय आपूर्ति शुरू कर दी जाती है। फिलहाल नौ घंटे आपूर्ति की जा रही है।
बकाया पर नहीं कटेगी बिजली
धामपुर। विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता एके सिंह ने बताया कि सीएम का ऐसा कोई आदेश नहीं है जिसके तहत बकाया जमा न करने के आरोप में किसी गांव की बिजली को काट दिया जाए।
यदि बकाया है तो उसे वसूलने का दायित्व निगम का है। जिन गांवों की शिकायत आ रही हैं, उनकी समस्याओं का जल्द निराकरण होगा।
चांदपुर एक्सईएन अनिल वर्मा ने यह बात गलत कही है कि जिस गांव में साठ प्रतिशत से ज्यादा बिजली राजस्व बकायादार होंगे, तो उन गांवों की बिजली काट दी जाएगी। गौरतलब है कि मंगलवार को चांदपुर विद्युत वितरण खंड के एक्सईएन ने पिछले कई दिनों से खराब पड़े ट्रांसफार्मरों को ठीक कराने के नाम पर किसानों से यह टिप्पणी की थी।
भाकियू के इस मामले को उठाए जाने पर एस ई ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया सरकार की ओर से ऐसा कोई आदेश लिखित में नहीं है।