बिजनौर के नजीबाबाद में साइकिल से शहर से गांव लौट मां-बेटे की हादसे में मौत हो गई। वहीं एक अन्य हादसे में एक युवक की मौत हो गई।
गांव चुक्खापुर निवासी जबर सिंह अपनी मां प्रमिला देवी को लेकर साइकिल से शहर से गांव लौट रहा था। गांव के नजदीक नजीबाबाद-हरिद्वार मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल को टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से साइकिल सवार मां-बेटे को गंभीर चोटें आईं। उपचार के दौरान 65 वर्षीय प्रमिला देवी ने जिला चिकित्सालय में दम तोड़ दिया, जबकि उसके पुत्र जबर सिंह की जौलीग्रांट ले जाते समय मौत हो गई। बाइक सवार युवक साहनपुर निवासी पंकज बताया जाता है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव अपने में कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। उधर, रेलवे से ड्यूटी करके बाइक से लौट रहे साहनपुर के मोहल्ला रवापुरी निवासी 22 वर्षीय गौरव को अज्ञात वाहन ने इंद्रलोक होटल के निकट टक्कर मार दी। वाहन की चपेट में आने से गौरव की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी तेजेंद्र यादव घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया। नजीबाबाद क्षेत्र में दो अगल-अगल मार्ग दुर्घटना में तीन लोगों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।