बिजनौर। जिले में गंगा यात्रा समारोह के आयोजन का कार्यक्रम फाइनल हो गया है। गंगा यात्रा का मुख्य समारोह बैराज पर होगा। समारोह में सूबे के सीएम योगी आदित्यनाथ शिरकत करेंगे।
प्रशासन ने गंगा यात्रा की तैयारियां तेज कर दी हैं। लोगों को गंगा की निर्मलता को जागरूक करने के लिए 27 जनवरी से पांच दिन का गंगा यात्रा का कार्यक्रम है। एक टीम बिजनौर तथा दूसरी टीम बलिया से चलेगी। दोनों टीमें कानपुर में एकत्रित होंगी। यहीं गंगा यात्रा का समापन होगा। सीएम योगी आदित्यनाथ बिजनौर से गंगा यात्रा का शुभारंभ करेंगे। सूबे तथा केंद्र के मंत्री और आला अधिकारी मौजूद रहेंगे। प्रशासन ने गंगा यात्रा का कार्यक्रम की तैयारी शुरू कर दी है।
डीपीआरओ सतीश कुमार के अनुसार समारोह तीन जगह होंगे। 27 जनवरी को सुबह नौ बजे कोटावाली सबलगढ में गंगा पूजन होगा। यहां उत्तराखंड से आने वाली गंगा यूपी में प्रवेश करती है। सुबह 10 बजे तैय्यबपुर गोरबा में स्वागत समारोह है। दोपहर 12 बजे गंगा बैराज पर मुख्य समारोह है। यहां सीएम जनसभा को संबोधित करेंगे। बिजनौर से गंगा यात्रा रामराज पहुंचेगी। इसके बाद यात्रा हस्तिनापुर पहुंचेगी। यहां यात्रा का पहला रात्रि पड़ाव है। टीम 28 जनवरी को ब्रजघाट हापुड़ के लिए रवाना होगी। वहां से बुलंदशहर पहुंचेगी। वहां अनूपशहर, राजघाट तथा नरौरा में कार्यक्रम हैं। नरौरा में यात्रा का दूसरा रात्रि पड़ाव है। डीपीआरओ ने बताया कि मंत्री और अधिकारी गंगा किनारे की 21 ग्राम पंचायतों में कहीं भी जा सकते हैं। सभी ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों पर निगरानी के लिए नोडल अधिकारी बना दिए गए हैं। डीएम नियमित समीक्षा कर रहे हैं।