अफजलगढ़। गांव नाबका में गुलदार ने एक घर में घुसकर बछड़े को निवाला बना लिया। इसका वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
रविवार देर रात गुलदार ने गांव के एक घर में घुसकर बछड़े पर हमलाकर दिया। गुलदार बछड़े को घसीट कर नहर के किनारे ले गया। सुबह ग्रामीणों को उसका अधखाया शव नहर के पास पड़ा मिला। यह पूरी घटना ग्राम निवासी वीरेंद्र कुमार के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
ग्रामीण देवेंद्र कुमार, राम प्रसाद, सुधीर कुमार और रणवीर सिंह आदि का कहना है कि गुलदार पहले तो जंगल में ही नजर आ रहा था। सूचना पर वन रक्षक नईम अली, वाचर मोहम्मद साजिद और मुजीबुर्रहमान मौके पर पहुंचे।
टीम को वहां गुलदार के पंजों के स्पष्ट निशान मिले। ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से गांव में पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ने की मांग की है। वन दरोगा सुनील राजौरा ने बताया कि गुलदार की मौजूदगी की पुष्टि हो चुकी है। जल्द ही पिंजरा लगाकर उसे पकड़ने की कार्रवाई की जाएगी।