जिज्ञासा से परखा जाएगा विद्यार्थियों का ज्ञान
बिजनौर । परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के देश संबंधी बहुरंगी सांस्कृतिक तथा समसामयिक ज्ञान को ऑनलाइन जिज्ञासा प्रतियोगिता के माध्यम से परखा जाएगा। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय तथा संस्कृति मंत्रालय की ओर परिषदीय विद्यालयों में ‘जिज्ञासा द हेरिटेज’ प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए छात्र-छात्राओं को 15 जुलाई तक पंजीकरण कराना अनिवार्य है।
देश 75 वें स्वतंत्रता दिवस का अमृत महोत्सव मना रहा है। इससे विद्यालय में पढ़ने वाले छात्रों को जोड़ने के लिए अनेक कार्यक्रम चल रहे हैं। इसी कड़ी में ‘जिज्ञासा द हेरिटेज ’ प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता ऑनलाइन होगी जिसमें 13 से 18 वर्ष के सभी छात्र शामिल हो सकते हैं। इसका उद्देश्य छात्रों की भारत के प्रति समझ व अभिरुचि का परीक्षण करना, छात्रों में मानवीय मूल्यों तथा देश के प्रति जुड़ाव को विकसित करना है। इसमें छात्र फोन के माध्यम से बहुविकल्पीय प्रश्नों का जवाब देकर फ्री क्वालीफायर राउंड पार कर सकते हैं। इसके बाद जिला और स्टेट स्तर क्वालीफाई होगा। यह सब कुछ ऑनलाइन चलेगा। राज्य स्तर के विनर की टीम जब राष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिता करेगी, तो वह ऑफलाइन होगी। इस संबंध में बेसिक शिक्षा निदेशक सर्वेंद्र विक्रम ने बिजनौर समेत प्रदेश के सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर निर्देश दिए। इस प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को 15 जुलाई तक पंजीकरण कराना होगा।
इससे बढ़ती है सीखने की ललक
राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के सक्रिय सदस्य शिक्षक आदेश चौधरी ने कहा कि प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता मानसिक मजबूती के लिए एक अच्छा कदम है। ऐसे कार्यक्रम से जहां अनेकता में एकता की अनुभूति कराते हैं, वहीं छात्रों में कुछ सीखने की ललक भी पैदा होती है। ऐसे कार्यक्रमों से शैक्षिक माहौल बनता है।
वर्जन...
जनपद के सभी बीईओ को निर्देशित किया कि वह अपने क्षेत्र के सभी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के 15 जुलाई तक ज्यादा से ज्यादा पंजीकरण कराएं। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने से छात्रों में सीखने की जिज्ञासा उत्पन्न होती है।
- जयकरन यादव, बीएसए