अफजलगढ़/कादराबाद। गांव मुरलीवाला फार्म स्थित गुरुद्वारा परिसर में रविवार को भाकियू की बैठक में लगातार गुलदार के हमलों पर रोष जताया गया। वक्ताओं ने समस्याओं से संबंधित ज्ञापन रेंजर को सौंपा।
भाकियू के पदाधिकारियों ने वन विभाग के अधिकारियों से ग्राम पंचायत तथा क्षेत्र में हो रहे गुलदार के हमलों को रोकने की मांग की। साथ ही कहा कि यदि वन विभाग हमले रोकने में कामयाब नहीं होता तो सभी क्षेत्रवासी इससे अपने अनुसार निपटेंगे। वन विभाग द्वारा बार-बार घटना होने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। क्षेत्रवासियों ने सरकार से मांग की है कि वन विभाग को क्षेत्र के लिए संपूर्ण सुविधा उपलब्ध कराएं। वहीं जंगली जानवरों के हमले में मारे गए लोगों के परिजनों को कम से कम एक करोड़ का मुआवजा तत्काल प्रदान किया जाए। साथ ही मृतक के परिवार में एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। शीघ्र मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई। इसके अलावा क्षेत्र में तहसील बनवाने और गांव भिक्कावाला में हुए समझौते को तत्काल लागू करने की मांग की गई है। बैठक की अध्यक्षता ब्लाॅक अध्यक्ष शैलेंद्र चौहान ने तथा संचालन देवेंद्र कौशिक ने किया। बैठक में मदन सिंह राणा, चौधरी विजेंद्र सिंह, परवीन सिंह, पंकज चौधरी, अनिल राठी, रमेश चंद्र शेखावत, चरनजीत सिंह, दीपक आदि मौजूद रहे। मौके पर मौजूद नगीना रेंजर प्रदीप शर्मा ने किसानों को गुलदार को दो दिन के भीतर ट्रैंक्यूलाइज कर पकड़ने का आश्वासन दिया।