- बैठक में बिजनौर, नगीना, मुरादाबाद सांसद ने की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा
- देहात क्षेत्र में शिविर लगाकर सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। कलक्ट्रेट सभागार में सोमवार को दिशा की बैठक हुई। इसमें बिजनौर, नगीना, मुरादाबाद सांसद ने सरकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जल जीवन मिशन की अपूर्ण योजनाओं का मुद्दा छाया रहा। जन प्रतिनिधियों ने सरकार की योजनाओं को आम लोगों तक शत-प्रतिशत बिना परेशानी पहुंचाने के लिए कहा।
नगीना सांसद चंद्रशेखर ने कहा कि दिशा का मुख्य उद्देश्य शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों को निष्पक्ष रूप से आमजन को लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में दिव्यांगजन, विधवा वृद्धावस्था पेंशन सहित अन्य जन कल्याणकारी योजनाओं से वंचित एवं पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित करने के लिए शिविर लगाने के निर्देश दिए। साथ ही जल जीवन मिशन की प्रगति पर कार्यदायी संस्था द्वारा कराए जा रहे कार्यों पर असंतोष जताया।
उन्होंने कहा कि जिले में पूर्ण एवं अपूर्ण परियोजनाओं के कार्यों की विवरण सहित सूची उपलब्ध कराएं। ताकि, उनकी बिंदुवार जांच कराई जा सके। इस योजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, बीएसए को निर्देशित किया कि आरटीई के तहत निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष बच्चों को लाभ पहुंचाने और निजी स्कूलों में किसी भी स्थिति में चिह्नित पुस्तक विक्रेता से किताबें तथा यूनिफार्म, जूते, मोजे आदि खरीदने के लिए बाध्य न किया जाए। मिड डे मील तैयार करने वाले रसोइयों का मानदेय बढ़ाने के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजने के निर्देश दिए।
बिजनौर सांसद चंदन चौहान ने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 में निर्मित सड़कों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। यह भी बताने के लिए कहा कि किस जन प्रतिनिधि ने उनका शिलान्यास या लोकार्पण किया है। मुरादाबाद सांसद रुचिवीरा ने पूर्ति विभाग को शादी के अवसर पर सिलिंडर्स कोटा निर्धारित करने के निर्देश दिए। वहीं, सीएमओ को निजी अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड के पात्र लाभार्थियों का शोषण रोकने के निर्देश जारी किए। साथ ही कहा दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों एवं गुलदार प्रभावित गांवों के प्रवेश मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था एवं पिंजरे सहित अन्य सुरक्षात्मक व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए कहा।
इसके अलावा मनरेगा एवं ग्रामीण विकास, प्रधानमंत्री आवासीय योजना सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा की। इस मौके पर चांदपुर विधायक स्वामी ओमवेश, डीएम जसजीत कौर, सीडीओ रणविजय सिंह, एडीएम प्रशासन अंशिका दीक्षित, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कुणाल रस्तोगी, परियोजना निदेशक दिनकर भारती आदि मौजूद रहे।