जांच कमेटी पर ग्राम प्रधान से हमसाज होने का आरोप
बिजनौर। मोहम्मदपुर देवमल विकास खंड के गांव फरीदपुर निजाम के ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान की ओर से गांव में कराए गए विकास कार्यों की जांच के लिए गठित कमेटी पर ग्राम प्रधान से हमसाज होने का आरोप लगाया है। डीएम से शिकायत कर मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है।
शुक्रवार को गांव फरीदपुर निजाम के ग्रामवासी डीएम रमाकांत पांडेय से मिले और ज्ञापन देकर बताया कि कुछ दिन पूर्व ग्रामवासियों ने ग्राम प्रधान द्वारा कराए गए विकास कार्यों में धांधली का आरोप लगाया था। डीएम ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के लिए कमेटी गठित की थी। जांच कमेटी में जिला प्रशिक्षण अधिकारी डा. नरेंद्र पाल सिंह एवं अवर अभियंता अशोक कुमार शामिल थे। जांच कमेटी ने जांच के लिए सात नवंबर की तारीख निर्धारित की थी। आरोप है कि इसके बाद कमेटी ने गांव वालों को तीन दिसंबर का समय दिया। तीन दिसंबर को भी कमेटी गांव में ग्रामीणों के समक्ष नहीं पहुंची। ग्रामीणों ने आशंका व्यक्त की है कि इस जांच कमेटी के रहते निष्पक्ष जांच नहीं हो सकती। इस दौरान नरदेव सिंह, महेंद्र सिंह, विजय पाल, धर्मवीर सिंह, प्रशांत तोमर, धर्मेंद्र कुमार, कुंवर सिंह तोमर, जगराम, हर्षित कुमार आदि मौजूद रहे।