बिजनौर। थाना पुलिस के ग्रुप में अश्लील वीडियो वायरल करने के मामले में निलंबित किए गए थाना प्रभारी नीरज कुमार ने महिला हेड कांस्टेबल से मंदिर में शादी करने का दावा किया है। शादी करने के बाद दोनों में एक वीडियो जारी किया, जिसमें एक साथ रहने का वादा किया।
बता दें कि तीन दिन पहले बढ़ापुर के थाना प्रभारी रहे नीरज कुमार को एसपी ने निलंबित कर दिया था। नीरज कुमार पर आरोप था कि उन्होंने एक महिला कांस्टेबल का अश्लील वीडियो थाने के ग्रुप पर वायरल किया है। वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे पुलिस में तैनात एक कांस्टेबल ने बिजनौर एसपी को फोन करके शिकायत की थी कि उसकी पत्नी गायब है। उसने इस संबंध में नीरज कुमार पर शक जाहिर किया था।
शुक्रवार की शाम एक वीडियो सामने आया, जिसमें नीरज कुमार एक मंदिर में खड़े हुए नजर आए। उनके साथ मांग में सिंदूर भरे महिला भी थी। वीडियो में इंस्पेक्टर बोले- मैं नीरज कुमार.... इसके बाद पास में ही खड़ी महिला बोलती है कि हमने मानसिक रूप से शादी कर ली है। मगर कुछ कानून की अड़चन बाकी है...
सूत्रों की मानें तो निलंबित किए गए नीरज कुमार के साथ में खड़ी महिला हेड कांस्टेबल है, जिसकी तैनाती जीआरपी में चल रही है।
एसपी देहात गौतम राय ने बताया कि शादी से संबंधित वीडियो का संज्ञान लेकर जांच की जाएगी।