नजीबाबाद- देव फिलिंग पेट्रोल पंप के सामने हाईवे अथॉरिटी ने यूटर्न पर लगाई बैरिकेडिंग। संवाद
जलालाबाद/नजीबाबाद। मेरठ-पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर जलालाबाद के नजदीक देव फिलिंग पेट्रोल पंप के सामने हाईवे अथॉरिटी ने यूटर्न बंद करने के बाद बैरिकेडिंग लगा दी। क्षेत्रीय लोगाें ने विरोध जताते हुए यूटर्न खोलने की मांग की है।
मेरठ-पौड़ी व हरिद्वार-काशीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग जलालाबाद क्षेत्र से वाहन गुजरते हैं। हरिद्वार हाईवे के नीचे मेरठ-पौड़ी मार्ग नगर को पहुंचता है। देव फिलिंग पेट्रोल पंप के सामने हाईवे के निर्माण के दौरान हाईवे अथॉरिटी ने यूटर्न बनाया था लेकिन करीब माह पूर्व हाईवे अथॉरिटी ने उसे बंद कर दिया। बृहस्पतिवार को हाईवे ने बंद यूटर्न पर बैरिकेडिंग लगा दी जिससे पैदल लोग उसे क्षेत्र से क्रॉस न करें। आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के लोगों ने हाईवे अथॉरिटी के इस कदम को गलत बताया है।
अरशद अंसारी ने बताया कि हरिद्वार-काशीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग की सर्विस रोड से आने-जाने वाले वाहन यूटर्न बंद होने से मजबूरन विपरीत दिशा में दौड़ेंगे। कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
शहाबुद्दीन राईन ने बताया कि वंश गोपालपुर, जलालाबाद, परतापुर, बौरेकी आदि गांव यूटर्न के काफी नजदीक हैं। उन्हें यूटर्न बंद होने से गलत दिशा में मजबूरन जा कर घर पहुंचना होगा। हाईवे को यूटर्न बंद करने के बाद गोल चक्कर बनाना चाहिए था।
गंगाराम ने बताया कि यूटर्न बंद होने पर नहर बाईपास मार्ग, हरिद्वार-काशीपुर फोरलेन की सर्विस रोड से जलालाबाद व नगर को जाने वाले वाहन को कई किमी की अतिरिक्त सफर करना पड़ेगा। शॉर्टकट के चक्कर में वाहन चालक विपरीत दिशा में जाएंगे।
अताउल्लाह बुखारी ने बताया कि हाईव अथॉरिटी ने पहले यूटर्न खोले रखने की बात कही थी, लेकिन अब अचानक बगैर सोचे-विचारे यूटर्न बंद कर दिया। आम लोगों को परेशानी में डाल दिया है। उच्चाधिकारियों से जाकर गुहार लगाएंगे।