धामपुर। गांव नसीरदिवाला शिव शक्ति स्वयं सहायता समूह की महिलाएं सुगंधित गाय गोबर युक्त हवन कपों को तैयार कर रही हैं। 12 से 16 अक्तूबर तक मुरादाबाद के पंचायत भवन में लगे सरस मेले में सुगंधित हवन-यज्ञ कपों की खुशबू बिखेर चुकी हैं। अब दो नवंबर से छह नवंबर तक फिर मेले का आयोजन होने जा रहा है। महिलाओं ने फिर से तैयारी शुरू कर दी है। महिलाओं का कहना है कि मेले में ग्राहकों ने कपों की खूब खरीदारी की, जिससे उन्हें खासा मुनाफा हुआ।
समूह में शामिल रेशु चौहान ने बताया कि उनके संगठन में 10 महिलाएं शामिल हैं। उन्होंने दिसंबर 2025 से मिशन के सहयोग से गाय के गोबर से हवन सामग्री कपों को बनाने का काम शुरू किया। इसके लिए उन्होंने 30 हजार रुपये का संगठन से ऋण लिया और बाकी रुपये अपने पास से लगा 50 हजार की लागत से दो मशीनें खरीदीं। गाय गोबर से कपों को बनाने का काम शुरू किया। शुरुआत में कठिनाई आई, लेकिन अब उन्हें कार्य आसान लगने लगा है। महिला चंचल देवी, शैलेश देवी, कमलेश देवी, बबिता, उषा रानी, उषा देवी, पूजा रानी का कहना है कि उनका समूह 2021 में गठित हुआ था, लेकिन क्रियाशील दिसंबर 2025 से हुआ है। महिलाओं ने हवन में प्रयोग होने वाले गाय के गोबर से विभिन्न फिलिंग के कपों को बनाने का काम शुरू किया।
ऐसे तैयार होते हैं हवन-यज्ञ के लिए सुगंधित कप
महिलाओं का कहना है कि हवन कप बनाने के लिए उन्हें गाय के गोबर के साथ लकड़ी का बुरादा, गुग्गुल, गंधक, सामग्री और कपों में खुशबू लाने के लिए विभिन्न प्रकार के मोगरा, गुलाब, चंदन, चमेली आदि को मिलाया जाता है। पीवीसी फेविकोल के माध्यम से कपों को तैयार किया जाता है। अलग-अलग खुशबू के कपों की कीमत भी अलग-अलग है। 60 से लेकर 120 रुपये प्रति दर्जन के हिसाब से कपों को बेचा जा रहा है। हाल में प्रदेश सरकार की ओर से मुरादाबाद के पंचायत भवन में लगे सरस मेले में जनपद बिजनौर के अल्हैपुर ब्लॉक की ओर से उन्होंने दुकान लगाई थी। मेले में ग्राहकों ने हवन-यज्ञ कपों की खूब खरीदारी की।
समूह से जुड़ी महिलाओं का कहना है कि मुरादाबाद के पंचायत भवन में अब फिर से दो से छह नवंबर तक सरस मेले का आयोजन होगा। इसके लिए उन्होंने फिर तैयारी शुरू कर दी है। इस बार वह अधिक मात्रा में अपने उत्पाद लेकर मेले में शामिल होंगी, जिससे उन्हें और अधिक मुनाफा हो।
मिशन की ओर से किया जा रहा प्रोत्साहित
ब्लॉक मिशन मैनेजर अभिषेक गुप्ता का कहना है कि अधिकांश समूह की महिलाओं की ओर से अच्छा कार्य किया जा रहा है। मिशन की ओर से उत्कृष्ट कार्य करने वाले समूहों की महिलाओं को हर स्थिति में प्रोत्साहित किया जा रहा है