संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। सावन माह की शिवरात्रि आज मंगलवार को है। ऐसे में सड़कों पर कांवड़ियों और डाक कांवड़ का रैला उमड़ा हुआ है। जिन्हें सुरक्षित गलियारा मुहैया कराने के लिए सड़कों पर डायवर्जन लागू है जोकि कल रात 12 बजे खत्म हो जाएगा। जबकि दूसरे चरण का डायवर्जन 13 अगस्त की रात 12 बजे से लागू होगा।
कांवड़ मार्गों पर शिवभक्तों के वाहनों के अलावा अन्य किसी भी वाहन की आवाजाही पर पाबंदी चल रही है। भारी वाहन जिले की सड़कों पर बंद है। इन्हें रात में चलने की अनुमति दी जा रही है। शिवरात्रि को लेकर इन्हें अब रात में नहीं निकलने दिया जा रहा है। डायवर्जन के साथ-साथ यातायात पुलिस ने मंडावर मार्ग पर बीच में रस्सी बांधकर सड़क को दो हिस्सों में बांट रखा है ताकि कोई वाहन ओवरटेक ना करने पाएं। क्योंकि ओवरटेक करने में ही हादसों का अंदेशा बना रहता है।
हरिद्वार काशीपुर नेशनल हाईवे की दो लेन को सिर्फ शिव भक्तों के लिए ही आरक्षित कर रखा है। इसके अलावा नजीबाबाद से कोतवाली देहात होते हुए नूरपुर तक भी सड़क पर कांवड़ियों के वाहनों के अलावा अन्य किसी वाहन को जाने की इजाजत नहीं है। फिलहाल पहले चरण का डायवर्जन शिवरात्रि बीतने के बाद 12 अगस्त की रात को खत्म कर दिया जाएगा। इसके बाद एक-दो दिनों के लिए वाहनों की आवाजाही में छूट दी जा सकती है।
इसके साथ बिजनौर पुलिस ने सावन माह के तीसरे और चौथे सोमवार तक रूट डायवर्जन प्लान तैयार कर रखा है। जोकि 13 अगस्त की रात से 17 अगस्त की मध्य रात्रि तक लागू रहेगा।