फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bijnor News: एसडीएम धामपुर और न्यायिक कोर्ट के वाद ठाकुरद्वारा स्थानांतरित

विज्ञापन
मलखान सिंह चौहान वादकारी - फोटो : credit
विज्ञापन
अधिवक्ताओं की आए दिन हड़ताल के चलते कमिश्नर ने उठाया कदम
विज्ञापन

आदेश में कहा- वादकारियों को नहीं मिल रहा था सस्ता और सुलभ न्याय
तहसीलदार और नायब कोर्ट के वादों को नगीना स्थानांतरित किया
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर/धामपुर। मुरादाबाद मंडल के आयुक्त आंजनेय कुमार सिंह ने धामपुर तहसील के उप जिलाधिकारी और उप जिलाधिकारी (न्यायिक) के सभी वादों को मुरादाबाद जनपद की ठाकुरद्वारा तहसील में स्थानांतरित कर दिया है। इसके साथ ही धामपुर तहसीलदार और न्यायिक सहित सभी परगनों के नायब तहसीलदार कोर्ट के शत प्रतिशत वाद नगीना तहसील के लिए स्थानांतरित किए गए हैं। इससे अधिवक्ताओं में बेचैनी बढ़ गई है।
आयुक्त ने सात अगस्त 2026 को जारी आदेश में बताया कि प्रायः यह देखा जा रहा है कि तहसील धामपुर में अधिकांश कार्य दिवसों में अधिवक्ताओं के कार्य से विरत रहने के कारण न्यायिक कार्य प्रभावित हो रहा है। वादकारियों का धन एवं समय अनावश्यक रूप से नष्ट होता है। उन्हें न्याय मिलने में विलंब होता है। ऐसी स्थिति में यह न्यायोचित प्रतीत होता है कि तहसील के न्यायालयों में विचाराधीन वादों को अन्यत्र स्थानांतरित कर दिया जाए ताकि वादकारियों को सुगमतापूर्वक न्याय प्राप्त हो सके।
विज्ञापन

आदेश में उप जिलाधिकारी धामपुर के न्यायालय में विचाराधीन समस्त वाद उप जिलाधिकारी ठाकुरद्वारा तथा उप जिलाधिकारी (न्यायिक) धामपुर के न्यायालय में विचाराधीन वादों को उप जिलाधिकारी (न्यायिक) ठाकुरद्वारा के न्यायालय में स्थानांतरित किया गया है। तहसीलदार धामपुर न्यायालय के वाद तहसीलदार नगीना तथा तहसीलदार (न्यायिक) धामपुर न्यायालय में विचाराधीन समस्त वाद तहसीलदार (न्यायिक) नगीना के न्यायालय को स्थानांतरित किए गए हैं।
नायब तहसीलदार धामपुर एवं नायब तहसीलदार नहटौर के न्यायालयों के वाद नायब तहसीलदार बढ़ापुर तहसील नगीना और नायब तहसीलदार स्योहारा एवं नायब तहसीलदार अफजलगढ़ के न्यायालयों में विचाराधीन समस्त वाद नायब तहसीलदार नगीना के न्यायालय में स्थानांतरित कर दिए गए हैं।
केवल फौजदारी के वादों की हुई सुनवाई : एसडीएम
एसडीएम नितिन कुमार का कहना है कि मंडलायुक्त के आदेश के अनुपालन में सोमवार को केवल फौजदारी वादों को ही सुना गया। राजस्व के वादों की सुनवाई पर रोक लगा दी गई है। उनका कहना है कि वकीलों की आए दिन हड़ताल के चलते मंडलायुक्त ने यह कदम उठाया है। बताया कि धामपुर एसडीएम और न्यायिक कोर्ट में करीब 1500 से अधिक वाद विचाराधीन हैं।
अधिवक्ताओं ने जताया असंतोष
धामपुर। तहसील न्यायालयों में विचाराधीन वादों के स्थानांतरित होने से अधिवक्ताओं में असंतोष है। उनका कहना है कि इस तरह का आदेश कभी नहीं हुआ। उन्होंने मंडलायुक्त से आदेश वापस लेने की मांग की है। बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष गजेंद्र सिंह एडवोकेट का कहना है कि अब तक जिलाधिकारी द्वारा जिले की अन्य तहसीलों में कुछ वाद स्थानांतरित किए जाते रहते थे, लेकिन गैर जनपद की तहसील को सभी वाद स्थानांतरित करने के आदेश 51 साल की वकालत के कार्यकाल में कभी नहीं हुए। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता इस मामले को लेकर पहले कमिश्नर से मुलाकात करेंगे।
अधिवक्ता राजेंद्र वर्मा का कहना है कि मंडलायुक्त का आदेश वादकारियों और अधिवक्ताओं के हितों की अनदेखी करने वाला है। ऐसा नहीं किया जाना चाहिए था। उन्होंने तत्काल आदेश को निरस्त करने की मांग की है। आदेश निरस्त नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
यहां मिल रही थी तारीख, अब बढ़ जाएगा खर्चा
वादकारी मलखान सिंह चौहान का कहना है कि उनका सरकारी जमीन को लेकर धामपुर में वाद चल रहा है। अब उसे यहां से ठाकुरद्वारा स्थानांतरित कर दिया गया है। ठाकुरद्वारा धामपुर से करीब 40 किलोमीटर दूर है। अब वहां जाना महंगा पड़ेगा। यहां पर लगातार तारीख मिल रही थी।
स्योहारा थाना क्षेत्र के गांव काजमपुर निवासी राम प्रसाद का कहना है कि उनकी ठियेबंदी का वाद चल रहा है। सोमवार को उसकी तारीख थी। केस ठाकुरद्वारा ट्रांसफर होने से उनका आज का दिन बेकार चला गया। चंद्रपाल सिंह का कहना है कि उनका कुर्रेबंदी का मुकदमा चल रहा है, लेकिन लंबे समय से केस फाइनल ही नहीं हुआ। इस कारण अभी तक उन्हें न्याय नहीं मिल पाया।
विज्ञापन


वर्जन
- हम किसी अधिवक्ता के विरोध में नहीं हैं। हमारे पास वादकारी आ रहे थे और शिकायत कर रहे थे कि लगातार हड़ताल के चलते उनके केस में सुनवाई नहीं हो रही। वादकारियों को समय से न्याय मिल सके, इसलिए केस ट्रांसफर करने का निर्णय लिया गया है। -आंजनेय कुमार सिंह, आयुक्त मुरादाबाद मंडल

मलखान सिंह चौहान वादकारी- फोटो : credit

मलखान सिंह चौहान वादकारी- फोटो : credit

मलखान सिंह चौहान वादकारी- फोटो : credit

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें