झारखंड से लाया गया पांचवां बच्चा बागा नांगल से बरामद
बिजनौर। झारखंड से लाया गया एक और बच्चा हल्दौर थाने के गांव बागा नांगल के जंगल में मिला है। प्रशासन को झारखंड से लाए तीन बच्चे हल्दौर थाना क्षेत्र के गांवों से मिल चुके हैं। अब तक पांच बच्चे बरामद किए जा चुके हैं। अब एक बच्चा बरामद होने से रह गया है।
प्रशासन को करीब पंद्रह दिन पहले झारखंड से बालश्रम को लाए गए छह बच्चों के बारे में पता चला था। इनमें दो-दो बच्चे नहटोर व हल्दौर थाना क्षेत्र के गांवों से बरामद कर लिए गए थे। डीएम ने बाकी बच्चों को बरामद करने के निर्देश दिए थे। बाल कल्याण विभाग की टीम बच्चों को तलाश करने में जुटी थी।
बाल संरक्षण अधिकारी रूबी गुप्ता ने बताया कि झारखंड से लाया गया पांचवां बच्चा हल्दौर थाने के बागा नांगल गांव से मिला है। बच्चा जंगल में रो रहा था। करीब तेरह साल का अनिल पुत्र सुबेश झारखंड के जिला लातेहार के कोने गांव का है। अब तक बरामद बच्चों में से चार कोने गांव के हैं। बरामदगी टीम में चाइल्डलाइन के रश्मि लता व आकाश शामिल हैं। अनुमान है कि कार्रवाई के डर से बच्चे को जंगल में छोड़ दिया गया था। पांचों बच्चे चाइल्डलाइन में है। रूबी गुप्ता ने बताया कि छठे बच्चे की तलाश तेज हो गई है।
प्रशासन की पकड़ से दूर है ठेकेदार
बिजनौर। बच्चों को बालश्रम के लिए झारखंड से लाने वाला कथित ठेकेदार अभी पकड़ में नहीं आया है। बरामद बच्चे व कोई भी ग्रामीण कथित ठेकेदार के बारे में कुछ भी नहीं बता पा रहा है। माना जा रहा है कि झारखंड से बच्चों को लाने का खेल लंबे समय से चल रहा है। मामले में पैसे के लेनदेन को भी नहीं नकारा जा रहा है। जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार का कहना है कि बच्चों की बरामदगी प्राथमिकता है।