बिजनौर। सलामत रहे तू सदा ये दुआ है मेरी....एक गीत की ये लाइन अब बीते जमाने की बात हो चली हैं। अब जुदाई के डर से प्रेमी युगलों में जीने की चाह ही खत्म हो रही है। साथ रह नहीं सकते तो साथ मरने की तरफ कदम बढ़ा रहे हैं। जिले में दो दिनों से प्रेमी जोड़ों के आत्महत्या का सिलसिला जारी है।
रविवार को चांदपुर क्षेत्र के गांव जमालुदीनपुर में अंशु (21) और शिवानी (18) के शव शहतूत के पेड़ पर लटके मिले। पुलिस की जांच में आत्महत्या करना सामने आया। दोनों ने यह कदम इसलिए उठाया कि शिवानी की शादी कहीं और तय होने जा रही थी। इससे पहले शनिवार की सुबह भी धामपुर के गांव पिपला निवासी विपुल ने अपनी प्रेमिका के साथ जहर निगलकर जान दे दी थी। दोनों अलग-अलग विरादरी के होने के कारण दोनों ने यह कदम उठाया।
इन दोनों मामलों के अलावा दो नवंबर को बिजनौर शहर कोतवाली के गांव लक्खीवाला के पास आम के बाग में 19 साल के युवक निखिल और 15 साल की उसकी प्रेमिका के शव मिले थे। पुलिस जांच में प्रेमी युगल के फंदा लगाकर आत्महत्या करने की बात सामने आई थी। एक माह में प्रेम प्रसंग के चलते तीन जोड़ों के जान गंवाने की घटना समाज और उनके परिवारों को झकझोर रही है।