प्रेमधाम आश्रम में माता-पिता के साथ घर से लापता हुआ बालक।
- फोटो : अमर उजाला
नजीबाबाद में घर से लापता हुआ बालक ‘अमर उजाला’ की खबर से दो सप्ताह बाद परिजनों के बीच पहुंच गया। प्रेमधाम आश्रम संचालकों और बाल कल्याण समिति के प्रतिनिधियों ने बालक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
बढ़ापुर थाना क्षेत्र के गांव नूरपुर अरब निवासी मजदूर गोपाल का दिव्यांग बेटा मनोज करीब 15 दिन पहले घर से लापता हो गया था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की थी, मगर कोई सुराग नहीं लगा था। उधर, यह बालक पुलिस के 100 नंबर वाहन को कोटद्वार मार्ग पर गांव अकबरपुर चौगांवा के निकट मिला। पुलिस ने बालक को बाल कल्याण समिति के न्यायिक सदस्यों उदयराज सिंह एवं डॉ.सविता वर्मा के सुपुर्द कर दिया था। उन्होंने उसे मिशनरी संस्था के प्रेमधाम में पहुंचा दिया था।
यह खबर ‘अमर उजाला’ में प्रकाशित हुई तो बाल के परिजन उसे लेने के लिए प्रेमधाम आश्रम पहुंच गए। यहां बाल कल्याण समिति के न्यायिक सदस्यों उदयराज सिंह, डॉ. सविता वर्मा, ओमप्रकाश एवं दानिश अख्तर की उपस्थिति में आश्रम के संचालक फादर शीबू ने आठ वर्षीय मनोज को उसके पिता गोपाल, मां कमला के सुपुर्द कर दिया। बालक के परिजनों ने आश्रम संचालक, समिति सदस्यों एवं अखबार का आभार व्यक्त किया।