कालागढ़ की नई कॉलोनी में एक आवास के बगीचे में लगे आम के पेड़ की डाली को तोड़कर कच्चे फल खाता हा
कालागढ़ (बिजनौर)। पेड़ों से कच्चे आम को खाने के शौकीन हाथी ने नई कॉलोनी में आम के पेड़ों को निशाना बनाया। लगातार आबादी क्षेत्र में हाथी की आमद से नागरिकों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो रहा है।
कार्बेट टाइगर रिजर्व के जंगलों से निकलकर हाथी कालागढ़ के आबादी क्षेत्र में आम के पेड़ों पर लगे कच्चे फल खाने की शौकीन बनते जा रहे हैं। नई कॉलोनी के बी श्रेणी आवासीय क्षेत्र में बृहस्पतिवार की सुबह लगभग पांच बजे हाथी आ पहुंचा। सिंचाई विभाग के एक अवर अभियंता के आवास के बगीचे में खड़े आम के एक पेड़ की डाली को तोड़कर काफी देर तक आम के कच्चे फल चबाता रहा। बड़ी संख्या में आम के कच्चे फलों को गटकने के बाद हाथी आवास की फेंसिंग को ध्वस्त कर सड़क पार कर चला गया।
हाथी के आबादी क्षेत्र में आने को लेकर स्थानीय जनता की सुरक्षा को खतरा पैदा हो गया है। यह हाथी अपने मार्ग में आने वाली सभी बाधाओं को ध्वस्त कर देता है। कंक्रीट की मजबूत दीवारों को ढहा देता है। यह हाथी हाइड्रिल कॉलोनी की सुरक्षा दीवार, एरेक्टर हाॅस्टल की दीवार को अनेक स्थानों से ध्वस्त कर चुका है। कॉलोनी प्रभारी सहायक अभियंता विजय सिंह का कहना है कि हाथी के आवागमन से कर्मचारी एवं उनके परिवारों को कोई नुकसान न पहुंचे इसके लिए शीघ्र ही वन विभाग को पत्र लिखा जाएगा।