बिजनौर, जलीलपुर/चांदपुर। जलीलपुर क्षेत्र में बरसाती नदी महती के पुल के दो गोले टूट जाने से हवा में लटके पिलर अनजान हादसे को दावत दे रहे हैं। खतरे से बेखर वाहन पुल पर दौड़ रहे हैं।
जलीलपुर क्षेत्र में स्टेट हाइवे बहसुमा ठाकुरद्वारा पर पुलिस चौकी पांडवनगर व गांव नारनौर के बीच बरसाती नदी मेहती पर बने पुल का बीच वाला हिस्सा व एक पिलर हवा में लटका हुआ हैं। लटका पिलर जिन दो गोलों पर टिका था वे दोनों गोले टूटकर पिलर से अलग हो चुके हैं। पुल का वज़न थामने को बना पिलर अब स्वयं ही पुल के सहारे हवा में लटका हुआ हैं। लटके पिलर को देख ग्रामीण चिंतित हैं। पुल की स्थिति से बेखबर वाहन चालक छोटे बड़े वाहनों द्वारा पुल के ऊपर से आवागमन कर रहे हैं।
इस पुल के ऊपर से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े व दो पहिया आदि वाहन गुजरते हैं। जलीलपुर क्षेत्र के गांव दत्तियाना, सुजातपुर खादर, स्याली, मुजफ्फरपुर खादर, नारनौर, खानपुर खादर, सुल्तानपुर खादर, अजदेव, जमालुदीनपुर आदि के हज़ारो ग्रामीणों को रोजमर्रा के काम से इस पुल के ऊपर से गुजरना होता है। हस्तिनापुर गंगा पुल पर आने-जाने के लिए बरसाती नदी मेहती पर बने पुल से होकर ही जाना होता हैं। जिसके चलते उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली राज्यों के साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा व मुरादाबाद आदि जिलों के सैकड़ों वाहन प्रतिदिन इस पुल से होकर आवागमन करते हैं। हवा में लटके पिलर को देख ग्रामीण चिंतित हैं। चरण सिंह, जोगेंद्र सिंह, सतपाल सिंह, निखिल कुमार आदि गांववासियों ने बरसात से पहले स्थाई समाधान की मांग की हैं।
-
लोक निर्माण विभाग के जेई डीएस सोलंकी ने बताया कि मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है। शीघ्र ही काम पूरा हो जाएगा।
-
10 गोलों व पांच पिलर पर बना हैं
बरसाती नदी मेहती का पुल 10 गोलों पर पांच पिलर खड़े कर बना है। अब पुल के नीचे आठ गोलों पर बने चार पिलर पर टिका हैं। बीच वाले पिलर के दोनों गोले टूटकर पिलर के नीचे से हट गए हैं।