मंडावर में मिट्टी की ढांग के नीचे दबने से हुई युवती की मौत पर विलाप करते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर के मंडावर में तालाब से मिट्टी निकालते समय ढांग गिरने से युवती उसमें दब गई। गांव वाले युवती को बाहर निकालकर जिला अस्पताल लेकर आए, जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। युवती की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है।
गांव सीमली निवासी सतपाल की 18 वर्षीय पुत्री पूजा सोमवार को गांव की महिलाओं के साथ गांव हुसैनपुर के पास तालाब से मिट्टी लेने गई थी। मिट्टी खोदते समय करीब 11 बजे मिट्टी की ढांग गिर गई और पूजा उसके नीचे दब गई। पूजा के दबने पर महिलाओं ने शोर मचाया। इस पर अंतिम संस्कार के लिए जा रहे गांव हुसैनपुर के गांव वाले दौड़कर मौके पर पहुंचे। उन्होंने फावड़े आदि से मिट्टी हटाकर करीब 15 मिनट बाद पूजा को निकाला। तब तक पूजा के परिजन भी मौके पर आ गए। प्राइवेट चिकित्सकों ने पूजा की हालत गंभीर बताते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान पूजा की मौत हो गई। पूजा की मौत से परिवार में मातम छा गया। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव को घर ले गए। युवती की मौत से परिवार के सदस्यों पर गम का पहाड़ टूट पड़ा है। घर वाले बार बार इस मनहूस क्षण को कोस रहे थे। घर वालों ने कहा कि हमने किसी का क्या बिगाड़ा कि इस दिन को देखना पड़ा। आसपास के गांव के लोग पूजा के घर पहुंचकर रोते बिलखते परिजनों को ढांढस बंधा रहे थे। पूरे गांव में शोक का माहौल है।