बिजनौर में एसपी सुभाष सिंह बघेल ने छेड़छाड़ की घटनाओं पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए वूमेन पॉवर लाइन 1090 के प्रचार प्रसार के साथ इसका इस्तेमाल करने पर बल दिया। उन्होंने छेड़छाड़ के दौरान कुछ आवश्यक टिप्स भी युवतियों को दिए।
पुलिस लाइन में आयोजित गोष्ठी में एसपी ने कहा वूमेन पॉवर लाइन 1090 का महिलाओं की सुरक्षा और जागरूकता हेतु इस्तेमाल किया जाए।
स्कूल, कॉलेज में जाकर छात्राओं से फार्म भरवाकर उन्हें पावर एंजिल बनाया जाए। उन्हें पूर्ण रूप से आत्मरक्षा के लिए सक्षम बनाने के लिए प्रधानाचार्यों के सहयोग से स्कूल और कॉलेज में अध्यापिकाओं, छात्राओं का सम्मेलन आयोजित कर उन्हें वूमेन पावर लाइन की जानकारी देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा वूमेन पावर लाइन 1090 का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार कराए। युवती अपने पास पेपर स्प्रे की बोतल रखें। इसका इस्तेमाल चेहरे पर करते समय डरे नहीं।
कोई विकट स्थिति आने पर दिमाग को संतुलित रखें। एसपी ने कहा सेल्फ डिफेंस के लिए जो भी चीज हाथ में हो उससे हमला कर दें। ये न सोचें कि सामने वाले का सिर फटेगा। ऐसे में लड़की के खिलाफ पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करेगी। युवती हेयर पिन, कंघी, चश्मे का फ्रेम, पेन पेंसिल, दुपट्टे का प्रयोग हथियार की तरह करें। किसी के हमला करने पर सबसे पहले शोर मचाए।
मोबाइल के फास्ट डायल में 1090,100 समेत अपने खास परिचितों के नंबर सेफ रखें। ऑटो में बैठते समय आटो के नंबर समेत ड्राइर का फोटो क्लिक करके 9454401090 पर व्हाट्स एप से भेज दें। बल्कि हो सके तो ड्राईवर को महसूस कराएं कि उसका नंबर पुलिस कंट्रोल रूम को अपनी सुरक्षा के लिए भेजा। उन्होंने कहा यदि किसी लड़की को अकेले देर रात में अस्पताल या अन्य किसी काम से जाना है तो वह 1090 में मदद के लिए फोन कर दें उसे सुरक्षा दी जाएगी।
इसमें एसपी सिटी कल्पना सक्सेना, सभी थानों की महिला दरोगा , आरक्षी के साथ वूमेन पावर लाइन के स्टाफ के साथ बाल कल्याण के नोडल अफसरों ने भाग लिया।