बिजनौर। जिले में धामपुर, नूरपुर और नहटौर पालिका के क्षेत्र का विस्तार करने की तैयारी चल रही है। इनमें धामपुर और नूरपुर पालिका का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। वहीं नहटौर पालिका के विस्तार के प्रस्ताव बनाने का काम शुरू हो चुका है। नहटौर पालिका में 08 गांव शामिल होने की उम्मीद है। इस विस्तार का असर आने वाले ग्राम पंचायत चुनाव पर भी दिखेगा। क्योंकि ग्राम पंचायतों का परिसीमन भी बदल जाएगा। उम्मीद जताई जा रही है पंचायत चुनाव से पहले ही पालिका विस्तार को शासन से मंजूरी मिल जाएगी।
65 हजार हो जाएगी नूरपुर पालिका की जनसंख्या
नूरपुर। नगर पालिका परिषद नूरपुर के सीमा विस्तार प्रस्ताव को डीएम की संस्तुति मिल गई है। शासन से मंजूरी मिलने के बाद नगर का क्षेत्रफल बढ़कर 11.48 वर्ग किलोमीटर हो जाएगा, जो वर्तमान में 9.06 वर्ग किलोमीटर है। प्रस्ताव में ग्राम पीपला जागीर तथा नूरपुर देहात उर्फ ठेरी को नगर पालिका क्षेत्र में शामिल किया गया है। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार इन दोनों क्षेत्रों की संयुक्त आबादी 3488 है। नगर पालिका के सीमा विस्तार के बाद नगर क्षेत्र की कुल जनसंख्या अनुमानित रूप से 65 हजार हो जाएगी। यह विस्तार न केवल नगर की भौगोलिक सीमा को बढ़ाएगा, बल्कि शहरी सुविधाओं के दायरे को भी विस्तारित करेगा।
नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. एमपी सिंह ने बताया कि पालिका के सीमा विस्तार का प्रस्ताव डीएम की स्वीकृति के बाद शासन को भेजा गया है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के अंतर्गत नूरपुर नगर में विकास कार्यों को गति मिली है। दो ओपन जिम की स्थापना, इस्लामनगर मोहल्ले में 14.51 लाख की लागत से सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य तथा मुरादाबाद मार्ग स्थित नलकूप संख्या तीन के परिसर में 1.30 करोड़ की लागत से एक आधुनिक पुस्तकालय का निर्माण किया जा रहा है।
धामपुर: 12 ग्राम सभाएं होंगी पालिका में शामिल
धामपुर । नगर पालिका के सीमा विस्तार का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। प्रस्ताव के अनुसार आसपास की 12 ग्राम सभाएं शामिल होगी। पालिका का दायरा साढ़े तीन किलोमीटर से बढ़कर करीब 12 वर्ग किलोमीटर हो जाएगा। सरकार से मंजूरी के बाद पालिका के साथ गांवों का भी विकास तेजी से विकास होगा।बता दें कि पिछले दिनों पालिका की बोर्ड बैठक में सीमा विस्तार का प्रस्ताव पास हो चुका है। 1929 के बाद पहली बार धामपुर नगरपालिका का विस्तार किया जा रहा है। वर्तमान में पालिका में 25 वार्ड बने हुए हैं। विस्तार होने के साथ ही वार्ड बढ़ जाएंगे। अधिशासी अधिकारी रवि कुमार शुक्ला ने बताया कि पालिका सीमा विस्तारीकरण के बाद पालिका का क्षेत्रफल साढे तीन वर्ग किमी से बढ़कर 12 वर्ग किलोमीटर हो जाएगा।
धामपुर और नूरपुर पालिका का प्रस्ताव जा चुका है। नहटौर का प्रस्ताव तैयार हो रहा है। इसे भी शासन को भेजा जाएगा। शासन से मंजूरी के बाद विस्तारण फाइनल होगा।
-विनय कुमार, एडीएम प्रशासन, बिजनौर