पात्रों को नहीं मिल रहा आवास योजना का लाभ
शेरकोट। प्रधानमंत्री आवास योजना में पात्रों से अवैध वसूली का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आरोप है कि कुछ पालिका सदस्य डूडा के सर्वेयरों के नाम पर वसूली कर रहे हैं। जिसके चलते पात्रों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। कई परिवार खुले आसमान के नीचे पन्नी डालकर जीने को मजबूर है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की आवासहीन लोगों को आवास मुहैया कराने के लिए संचालित महत्वाकांक्षी योजना को कुछ अधिकारी और पालिका सदस्य पलीता लगाने में लगे हैं। आरोप है कि ये लोग पात्र लाभार्थियों से अवैध वसूली कर रहे हैं। नगर की एक विधवा का आरोप है कि एक सभासद ने उसे आवास दिलाने का झांसा दिया। असलियत जानकर जब उसने आरोपी की शिकायत के लिए कहा तो तो वह देख लेने की धमकी देते हुए चला गया। नतीजतन उस महिला को आज तक सरकारी आवास योजना का लाभ नहीं मिला। महिला खुले आसमान के नीचे पन्नी डालकर बच्चों के साथ जीवन व्यतीत करने को विवश हो रही है।
मोहल्ला नौंधना निवासी विधवा सीमा ने मंगल दिवस में जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर एक सभासद पर 22 हजार रुपये ऐंठने व 8000 रुपये और मांगने आरोप लगाते कार्रवाई की मांग की थी। आरोप है कि और रुपये देने से इंकार करने पर उसके साथ गाली गलौज की गई। उसकी तीसरी किश्त रुकवा दी गई। रुपये न देने के कारण उसका मकान अधर में लटका है। वह बरसात में खुले आसमान के नीचे पन्नी डालकर रहने को मजबूर है। लोगों का आरोप है कि नगर में अधिकांश अपात्र लोगों ने योजना के अंतर्गत लाभ तो ले लिया। लेकिन आवास कहीं नहीं बनवाया। नगर के सलीम, राजन, मोहन, विनीत आदि ने जिलाधिकारी से जांच कराने एवं कार्रवाई कराने की मांग की।