स्योहारा। थाना क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में ड्रोन उड़ने और चोर होने के शोर के बीच बेकाबू भीड़ का जोर बेकसूरों पर टूट रहा है। अफवाहों के गर्म बाजार के साथ ही गांव पहुंच रहे अंजान लोग लगातार पीटे जा रहे हैं। पुलिस जब पहुंचती है तो पीटा गए व्यक्तियों में से कोई नशे में धुत मिला तो कोई मानसिक बीमार। फिलहाल पुलिस ग्रामीणों को बैठकें कर अफवाहों पर ध्यान नहीं देने के लिए समझा रही है। स्योहारा क्षेत्र में अब तक आधा दर्जन मामले ऐसे सामने आए हैं जिनमें बेकसूरों को चोर समझकर भीड़ ने पीट दिया।
केस 1 : शुक्रवार की रात्रि गांव कासमाबाद निवासी एक मानसिक बीमार महिला गांव मलकपुर जा पहुंची। कुछ ग्रामीणों ने चोर का शोर मचाकर महिला को घेर लिया और उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को सुरक्षित निकाल कर उसके घर पहुंचाया।
केस 2 : ग्राम मीरापुर निवासी दो व्यक्ति शराब के नशे में अपने घर जा रहे थे। इसी बीच तेज बारिश आने के कारण दोनों अपनी बाइक रोक कर गांव मेवाजट में एक टिन शेड के नीचे खड़े हो गए। इसी बीच गांव की भीड़ ने चोर-चोर का शोर मचाकर दोनों को पकड़ लिया और मारपीट की। पुलिस ने छानबीन की तो दोनों युवकों की बात सही निकलने पर उन्हें परिजनों के सुपुर्द किया गया।
केस 3 : शनिवार की रात गांव कुरी में बस स्टैंड के पास कुछ ग्रामीणों ने एक मानसिक बीमार युवक को पकड़ लिया। पूछताछ करने पर वह अपने बारे में कुछ नहीं बता पा रहा था। ग्रामीणों ने पुलिस को फोन कर चोर पकड़ने की सूचना दी।