नांगल सोती/नजीबाबाद। नांगल सोती में मंगलवार देर शाम बाजार से घर जा रहे युवक विमल जोशी पर दो किशोरों ने जानलेवा हमला किया। गंभीर हालत युवक को मेरठ रेफर किया है। पूर्व में थप्पड़ मारने और डांटने से क्षुब्ध होकर दोनों किशोरों ने घटना को अंजाम दिया। सीओ ने घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की।
नांगल सोती के मोहल्ला जोशियान निवासी विमल जोशी मंगलवार की शाम करीब आठ बजे बाजार से दूध लेकर अपने घर आ रहा था। आरबीएस इंटर कॉलेज के समीप दो किशोरों ने उस पर डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर थानाध्यक्ष रामप्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल युवक को पहले जिला अस्पताल और बाद में मेरठ रेफर किया गया। बताया जा रहा है कि पूर्व में विमल ने बच्चों के झगड़े में दोनों किशोरों के थप्पड़ जड़ते हुए डांट दिया था। सीओ आकांक्षा गौतम ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली और पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस आरोपी किशोरों को पूछताछ कर रही है। उधर, थानाध्यक्ष राम प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।