बिजनौर। किशोर ने मामूली विवाद के बाद सात साल के बालक को पशुओं के लिए इस्तेमाल की जाने वाली सिरिंज से ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन लगा दियाा। शुक्रवार की सुबह नौ बजे मेरठ में उपचार के दौरान बालक ने दम तोड़ दिया। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने बालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पिता के अनुसार रुहान ने मां से बताया था कि उसके पेट में इंजेक्शन लगाया गया है।
मोहल्ला कस्सावान निवासी गुलजार ने तहरीर में बताया कि रविवार शाम उसकी बेटी सोजी (13) मदरसे पढ़कर घर लौट रही थी, तभी रास्ते में 14 वर्षीय किशोर ने उसके साथ मारपीट की। उसकी पत्नी रेशमा और सात साल का बेटा रुहान भी मौके पर पहुंचे। आरोपी के परिवार के लोग भी वहां आ गए।
इस बीच आरोपी रुहान को खींचकर अपने घर ले गए। किशोर ने रुहान को भैंस पोशाने वाला इंजेक्शन लगा दिया। उस वक्त तो कुछ नहीं हुआ मगर अगले दिन से ही रुहान की हालत बिगड़ने लगी। शरीर में ऐंठन पर उसे निजी चिकित्सकों के यहां दिखाया गया। बुधवार को रुहान की तबीयत ज्यादा बिगड़ी तो बिजनौर के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया गया था। शुक्रवार की सुबह नौ बजे बजे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। गुलजार ने बताया कि वह मसूरी में रहकर कबाड़ का काम करता है। मारपीट के मामले में पत्नी की ओर से थाने में तहरीर दी गई थी मगर मोहल्ले के लोगों ने समझौता करा दिया था।
सीओ सिटी अभय कुमार पांडेय ने बताया कि बालक परिजनों ने एक किशोर पर इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है। मृत्यु का कारण जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।