नहटौर। कोतवाली देहात रोड पर गांव फतेहपुर के पास बुधवार सुबह करीब नौ बजे रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार बढापुर के मोहल्ला कोठी निवासी संजना (17) पुत्री महेंद्र की मौत हो गई, जबकि उसका ममेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक बस लेकर भाग गया।
संजना अपने ममेरे भाई विशाल कुमार (18) पुत्र जोगेंद्र निवासी ग्राम खतापुर हल्दौर के साथ बाइक से उसके घर जा रही थी। कोतवाली रोड पर गांव फतेहपुर स्थित हनुमान मंदिर के पास पीछे से आ रही रोडवेज बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस से दोनों को सीएचसी भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने संजना को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक रवींद्र प्रताप सिंह ने बताया कि घायल विशाल के पिता जोगेंद्र की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। बस की पहचान कर ली गई है तथा चालक की तलाश की जा रही है।