बिजनौर में परिषदीय स्कूलों में एनसीईआरटी के निर्देश पर तीन दिन तक सर्वे किया जाना है। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान द्वारा सर्वे के लिए टीमों को सामग्री वितरित की गई। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने सर्वे को लेकर शिक्षकों से अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान द्वारा एनसीईआरटी के निर्देश पर परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों का तीन दिन तक सर्वे किया जाना है। यह सर्वे 29, 30 नवंबर व एक दिसंबर तक किया जाना है। इसके लिए शिक्षा विभाग द्वारा स्कूल चिह्नित किए गए हैं। जिन स्कूलों का सर्वे होना है उन्हें गोपनीय रखा गया है। मंगलवार से स्कूलों में सर्वे के लिए टीम पहुंचेगी। सर्वे के लिए जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान द्वारा कई टीम गठित की गई है।
सोमवार को स्कूलों का सर्वे कराने के लिए डायट में टीमों को जिम्मेदारी सौंपी गई तथा स्कूलों की सूची भी सौंपी गई है। सर्वे के लिए सामग्री भी टीमों का वितरित की गई है, ताकि स्कूलों में पहुंच कर टीम अपना काम करे। वहीं, सर्वे को लेकर शिक्षकों में बेचैनी है। शिक्षकों का कहना है कि नवंबर का महीना बीतने को है, पर स्कूलों में अभी भी पूरी किताबें नहीं पहुंची है। प्राथमिक शिक्षक संघ के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह व जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिला प्रवक्ता अंगजीत सिंह ने बताया कि सर्वे की आड़ में किसी भी शिक्षक का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा।