बिजनौर। हाईकोर्ट के फैसले से क्षुब्ध शिक्षामित्रों ने सोमवार को शिक्षण कार्य का बहिष्कार किया और बीआरसी कार्यालयों पर धरना-प्रदर्शन किया। शिक्षामित्रों ने मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी का पुतला फूंक कर नाराजगी जताई।
जिले में कई स्कूल ऐसे भी रहे जिनमें शिक्षकों के न होने से ताले लटके रहे। कोतवाली ब्लॉक के 417 शिक्षा मित्रों ने इच्छामृत्यु के लिए पत्र भेजा।धामपुर में राष्ट्रपति से इच्छामृत्यु मांगने के लिए 250 शिक्षामित्रों ने एसडीएम को पत्र सौंपा ।
शनिवार को हाई कोर्ट द्वारा शिक्षा मित्रों का शिक्षक पदों पर किए गए समायोजन को असंवैधानिक ठहराए जाने से क्षुब्ध शिक्षामित्रों ने दो दिन का शिक्षण कार्यों का बहिष्कार का निर्णय लिया।सोमवार को जमालपुरपठानी के बीआरसी पर शिक्षामित्र संघर्ष समिति के आह्वान पर बड़ी संख्या में शिक्षामित्र एकत्रित हुए और धरने पर बैठ गए।
हाईकोर्ट के फैसले पर नाराजगी जताई। सुचित मलिक की अध्यक्षता और मोहम्मद वाइज के संचालन में बैठक की गई। वक्ताओं ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका डालने का निर्णय भी लिया। ब्लॉक स्तरीय संघर्ष समिति का गठन भी किया गया।
इसके लिए दीपक राजपूत, अनिल कुमार, ब्रजपाल, नईम अहमद, ऋतु चौधरी को चुना गया। शिक्षा मित्रों के शिक्षण कार्य बहिष्कार से स्कूलों में इसका साफ असर दिखाई दिया। कई स्कूल शिक्षक विहीन रहे तथा बच्चों को घर वापस जाना पड़ा।
वहीं नहटौर में दर्जनों स्कूलों पर ताले लटक गए। बीईओ स्कूलों को खुलवाने की व्यवस्था में लगे रहे। उन्होंने सभी स्कूलों का खुलने का दावा किया है। इस मौके पर कोर्ट में शिक्षामित्रों के हितों की लड़ाई लड़ने के लिए ब्लॉक स्तर पर एक कार्यकारिणी का भी गठन किया गया हैं।
इसमें सुधीर चौहान, केशव त्यागी, सुभाष सैनी, अमर सिंह, पवन कुमार, राजकुमार सैनी, गीता रानी आदि को सदस्य बनाया गया है। धरना-प्रदर्शन में जैनेंद्र कुमार, उदयवीर सिंह, ओमकार सिंह, अरुण कुमार, पूनम त्यागी, गीता रानी आदि ने भाग लिया।
वहीं नगीना में पुरैनी स्थित बीआरसी कार्यालय पर संयुक्त शिक्षामित्र संघर्ष समिति के हुए मौन धरना-प्रदर्शन में शिक्षा मित्रों के समायोजन को हाईकोर्ट द्वारा निरस्त किए जाने पर रोष व्यक्त किया गया। साथ ही आत्महत्या करने वाले शिक्षा मित्रों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई।
कोतवाली ब्लॉक के 417 शिक्षा मित्रों ने इच्छा मृत्यु के लिए पत्र भेजा। अरविंद कुमार की अध्यक्षता और आलोक शर्मा के संचालन में हुई बैठक में अमित कुमार, हरस्वरूप सिंह, मंजीत कौर, रूपेश देवी, अरशद अली ने संबोधित किया। साथ ही उच्च प्राथमिक शिक्षक संघ, प्राथमिक शिक्षक संघ और विशिष्ट बीटीसी शिक्षक संघ ने अपना समर्थन देने की घोषणा की।
वहीं नूरपुर में ब्लॉक के शिक्षामित्रों ने बीआरसी कार्यालय पर धरना देकर विरोध प्रकट किया। शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन के ब्लॉक अध्यक्ष बुंदू खां ने बताया कि शिक्षामित्रों का धरना मंगलवार को भी जारी रहेगा और राष्ट्रपति के नाम इच्छामृत्यु देने की अनुमति संबंधित ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा जाएगा। इस दौरान धरने पर बुंदू खां, लोकेंद्र, पंकज कुमार, राकेश, विपिन कुमार, सूरज यादव आदि शिक्षामित्र मौजूद रहे।
मिड-डे मील के बाद अवकाश करेंगे शिक्षक
बिजनौर। उप्र जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ की बैठक में आत्महत्या कर चुके शिक्षामित्रों के प्रति संवेदना प्रकट की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि 15 सितंबर को जिले के शिक्षक स्कूलों में मिड-डे मील खिलाने के उपरांत स्कूलों में शोकसभा करेंगे और उसके बाद स्कूलों में अवकाश कर दिया जाएगा।
टाउन हाल में जिलाध्यक्ष सुधीर यादव की अध्यक्षता और दुष्यंत कुमार के संचालन में आयोजित बैठक में वैभव प्रताप, अर्चना सिंह, भूपेंद्र कुमार, संदीप चौहान, कमलकांत आदि ने विचार रखे।
अवकाश लेकर शिक्षामित्रों ने धरना दिया
चांदपुर। शिक्षा मित्र, शिक्षक संघर्ष समिति ब्लाक जलीलपुर के बैनर तले शिक्षा मित्रों ने स्कूल से शिक्षण कार्य का बहिष्कार कर बीआरसी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। धरने में सुजीत तोमर, पुष्पेंद्र देशवाल, नसीम अहमद, राजेश कुमार आदि उपस्थित रहे।
उधर, स्योहारा विकास क्षेत्र बुढ़नपुर के शिक्षा म़ित्रों ने सोमवार को सुबह से दोपहर तक कार्य बहिष्कार कर बीआरसी बगवाड़ा पर धरना दिया। शीशपाल सिंह, गौरव शर्मा ,प्रदीप भाटी, एजाज अहमद आदि ने अपने विचार रखे।
कार्य बहिष्कार किया
हल्दौर। शिक्षा मित्रों ने कार्य बहिष्कार करते हुए बीआरसी केंद्र पर सांकेतिक धरना दिया। जिला संघर्ष समिति सदस्य पोपेंद्र सिंह ने ब्लॉक संघर्ष समिति में सुनील, अनुज राणा, संजीव, मानवेंद्र सिंह, हरवेंद्र सिंह, विनीत तोमर को चुना गया। अध्यक्षता रावेंद्र सिंह व संचालन सुनील चौधरी ने किया।
धरने पर महिला शिक्षामित्र की हालत बिगड़ी
किरतपुर। शिक्षामित्रों ने अपने विद्यालयों में तालाबंदी कर ब्लॉक संसाधन केन्द्र पर धरना दिया। धरने के दौरान एक महिला शिक्षामित्र की अचानक दौरा पड़ जाने पर सीएचसी में भर्ती कराया गया। धरने पर शिक्षामित्रों के दोनों संगठनों ने एक साथ होकर दस सदस्यीय संघर्ष समिति बनाकर आंदोलन में भागीदार करने का निर्णय लिया।
धरने के दौरान शिक्षामित्र कल्पना को मानसिक रूप से परेशान होने के कारण दौरा पड़ गया। उसे बेहोश होने पर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती गया। धरने पर बैठे शिक्षामित्रों ने बताया कि विकास क्षेत्र में लगभग 60 विद्यालय ऐसे हैं, जिनमें केवल एक -एक अध्यापक ही कार्यरत है। ऐसे में पढ़ाई प्रभावित तो होंगे ही साथ में शिक्षकों की कमी बनी रहेगी।
शिक्षामित्रों के विद्यालय नहीं जाने के कारण इन सभी विद्यालयों में शिक्षण कार्य ठप रहा। इसके अलावा सात विद्यालयों में एक भी अध्यापक नहीं है। धरने पर अहतशाम, महिपाल सिंह, सुनीत, यशपाल सिंह आदि मौजूद रहे।
225 शिक्षामित्रों ने राष्ट्रपति से मांगी इच्छामृत्यु
धामपुर/अफजलगढ़। हाईकोर्ट के निर्णय से आहत शिक्षा मित्रों में भारी उबाल है। शिक्षा मित्रों ने सोमवार को धामपुर बीआरसी पर कोर्ट के फैसले के खिलाफ प्रदर्शन किया और इच्छा मृत्यु के लिए ब्लाक के 225 शिक्षा मित्रों ने नौकरी को बहाल न होने पर व्यक्तिगत तौर पर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
एसडीएम ने शिक्षा मित्रों को बताया कि वे उनके ज्ञापन को राष्ट्रपति तक जरूर पहुंचवा देंगे, लेकिन वे ऐसा कोई कदम न उठाएं। शिक्षामित्रों के कार्य बहिष्कार करने से ब्लाक के अधिकांश स्कूलों में ताले लटके रहे।
शनिवार को हाईकोर्ट द्वारा सरकार की ओर से समायोजित शिक्षकों के समायोजन को रद्द कर देने से शिक्षा मित्र आहत है। सोमवार को शिक्षा मित्र बीआरसी पर एकत्र हुए। वहां पर कोर्ट के फैसले के खिलाफ प्रदर्शन किया। सभी ने अपनी इच्छा से कोर्ट के निर्णय के खिलाफ राष्ट्रपति से इच्छा मृत्यु मांगने को संकल्प पत्र भरे। इन संकल्प पत्रों के साथ शिक्षा मित्रों ने नगर में प्रदर्शन किया।
एसडीएम कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए। एसडीएम सतेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि कोई भी आत्मघाती कदम न उठाएं। प्रदर्शन का नेतृत्व दिलावर सिंह और जयवीर सिंह ने किया। शिवसेना ने शिक्षा मित्रों का समर्थन करने की घोषणा की। वहीं अफजलगढ़ में भी प्रदर्शन कर इच्छा मृत्यु मांग पत्र राष्ट्रपति को सौंपने का निर्णय लिया।
इच्छामृत्यु की अपील
नजीबाबाद। सहायक अध्यापक पद पर समायोजन रद्द होने से गुस्साए शिक्षामित्रों ने सोमवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र पर धरना दिया। शिक्षामित्र शिक्षक संघर्ष समिति के नेतृत्व मेें आज शिक्षामित्र-शिक्षक तहसील पहुंचकर इच्छामृत्यु की मांग करेंगे। मंगलवार प्रात: नौ बजे राष्ट्रपति के नाम इच्छामृत्यु की मांग का ज्ञापन एसडीएम को सौंपा जाएगा। मगन बिहारी, मोबीन हसन, देवेंद्र सिंह, नरेश कुमार, निश्चिंत राजपूत, जितेंद्र सिंह, संतराम, राजवीर आदि मौजूद रहे।
मेहनत बेकार नहीं जाएगी : मूलचंद
धामपुर। प्रदेश के राज्यमंत्री मूलचंद चौहान ने कहा कि शिक्षामित्र परेशान न हों। प्रदेश के युवा मुख्यमंत्री अखिलेश सरकार ने शिक्षामित्रों को सहायक शिक्षक के पद पर समायोजित किया है। सरकार उनके पिछले 15 वर्षों की मेहनत को बेकार नहीं जाने देगी।
प्राथमिक शिक्षक संघ और जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ की ओर से आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में मूलचंद चौहान ने आश्वासन दिया। नागेश कुमार, सुधीर कुमार यादव, एसडीएम सतेंद्र कुमार, बीईओ भीष्म दत्त शर्मा, सुरेंद्र कुमार सिंह रहे।