बिजनौर। यूपी बोर्ड परीक्षा में एक कक्ष निरीक्षक द्वारा ड्यूटी से अनुपस्थित रहने पर शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। जबकि हाईस्कूल में गणित के प्रश्र पत्र में 4083 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
मंगलवार मूर्ति देवी कन्या इंटर कॉलेज नजीबाबाद में कक्ष निरीक्षक क्षमा गुप्ता अनुपस्थित रहीं। डीआईओएस डॉ. अरुण कुमार दुबे ने बताया कि अनुपस्थित रही शिक्षिका को निलंबित कर दिया गया है तथा उनका वेतन रोकने के आदेश भी जारी किए गए हैं।
वहीं, हाई स्कूल में गणित का प्रश्र पत्र में 54967 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। 50884 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी जबकि 4083 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। े राजकीय इंटर कॉलेज के शिक्षक सुभाष सिंह के नेतृत्व वाले सचल दल के दो सदस्य किसान इंटर कॉलेज केलनपुर, दो सदस्य लोक प्रिय इंटर कॉलेज केलनपुर तथा जनता इंटर कॉलेज बागड़पुर में डेरा डाले रहे।
दूसरी ओर, सोरन सिंह परिहार वाले सचल दल ने देवता इंटर कॉलेज मोरना में तीन घंटे तक डेरा डाला। सचल दल के डेरा डाले रहने से नकल माफियाओं की तैयारी धरी रह गई।
उधर, पब्लिक इंटर कॉलेज फीना, भारत माता इंटर कॉलेज फीना, जागृति इंटर कॉलेज भैंसा पर भी सचल दल की सख्ती रहने से केंद्र पर हड़कंप मचा रहा।
दूसरी ओर, एडीएम प्रशासन राम मूर्ति मिश्रा ने विदुर गुरू गृह इंटर कॉलेज दारानगर गंज, सीडी इंटर कॉलेज हल्दौर, राजा हरवंश सिंह इंटर कॉलेज हल्दौर, दयानंद जनता इंटर कॉलेज फीना का निरीक्षण किया।
एसडीएम ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
धामपुर। एसडीएम सतेंद्र कुमार सिंह ने मंगलवार को क्षेत्र के आधा दर्जन से ज्यादा परीक्षा केंद्रों पर छापेमारी की। कोई परीक्षार्थी नकल करता नहीं मिला।
एसडीएम ने बताया कि उन्होंने गांव जैतरा के जनता इंटर कालेज , राधा इंटर कालेज, डीपीएस धामपुर, बिलंदी के मुकुंदी सिंह इंटर कालेज, इसी गांव के दूसरे परीक्षा केंद्र छुट्टन सिंह इंटर कालेज और मिट्ठेपुर के इंटर कालेज में बने परीक्षा केंद्रों पर छापेेमारी की।
छापेमारी से कक्ष निरीक्षकों में हड़कंप मच गया। एसडीएम को छापेेमारी में कोई परीक्षार्थी अनुचित साधनों का प्रयोग करता नहीं मिला।