बुखार की चपेट में आया तरकौला गांव
नहटौर। गांव तरकौला में वायरल बुखार फैलने से सैकड़ों ग्रामीण इसकी चपेट में आ गए हैं। दर्जनों ग्रामीण निजी अस्पतालों में अपना उपचार करा रहें हैं। बुखार से देहात क्षेत्रों में दहशत का माहौल व्याप्त है।
पिछले करीब 15 दिन से क्षेत्र में बुखार का प्रकोप जारी है। गांव तरकौला में तो बुखार पीड़ितों की संख्या अच्छी खासी है। पिछले काफी दिनों से वायरल बुखार फैलने से दर्जनों परिवार इसकी चपेट में हैं। ग्रामीणों की माने तो कई दिनों तक उपचार कराने के बाद भी बुखार लोगों का पीछा नहीं छोड़ रहा है। ग्राम प्रधान पति शरीफ अहमद, प्रधान फहमीदा खातून, सलमा, अरमान, आयशा, सद्दीक अहमद, अनीस,आमिर, आलिया, अल्फेज, आवेश, संतोष, निशांत, माया, दुलारी, सूरज, मुनीजा आदि सहित सैकड़ों ग्रामीणों को वायरल बुखार ने अपनी चपेट में ले रखा है। ग्रामीणों का आरोप है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बिना जांच कराए ही दवा दी जा रही है। कई दिनों तक दवा खाने के बाद भी बुखार पीछा छोड़ने को तैयार नहीं है। इस कारण निजी चिकित्सक के यहां भी भारी संख्या में लोग अपना उपचार करा रहे हैं। प्रभारी चिकित्साधिकारी डाक्टर गुरचरण ने बताया कि डाक्टर एचएम गुप्ता ओपीडी करते हैं। यदि किसी मरीज को जांच संबंधी या फिर इससे संबंधित कोई अन्य परेशानी है तो वे उनसे मिलें। शीघ्र ही जांच कराकर समस्या का समाधान कराया जाएगा। वर्तमान में वायरल का सीजन चल रहा है। तापमान बराबर होने पर वायरल बुखार का प्रकोप समाप्त हो जाएगा। फिर भी एहतियात के तौर पर वे गांव में टीम भेजकर शिविर लगवाएंगे।