सपा के सम्मेलन में भाजपा पर साधा निशाना
स्योहारा। समाजवादी पार्टी की ओर से सेक्टर और बूथ प्रभारियों का सम्मेलन आयोजित हुआ। जिसमें भाजपा सरकार पर निशाना साधा। वहीं, पार्टी की नीतियों को जन जन तक पहुंचाने की अपील की गई। पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
नूरपुर में विधानसभा नूरपुर क्षेत्र का सम्मेलन एक बैंक्वेट हाल में आयोजित किया गया। विधायक नईमुल हसन ने कहा कि इस सरकार में महंगाई, बेरोजगारी अपने चरम पर पहुंच चुकी है। किसान, मजदूर व जन विरोधी सरकार की लापरवाही के कारण कोरोना काल में हजारों लोगों की जान चली गई। गन्ना किसानों का शोषण हो रहा है, चार वर्षों तक गन्ने मूल्य में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई, चुनावी वर्ष में मात्र 25 रुपये बढ़ाया है। डीजल पेट्रोल व उर्वरकों के दाम आसमान को छू रहे हैं।
विधानसभा क्षेत्र प्रभारी वीरभान सिंह ने कहा कि हमारा सभी 376 बूथों व 212 पोलिंग स्टेशनों पर मजबूत संगठन तैयार है। सभी कार्यकर्ता चुनाव में बढ़ चढ़कर भाग लें तथा धर्म के नाम पर राजनीति की रोटियां सेंकने वाली इस भाजपा को उखाड़ फेंकने का काम करें। अध्यक्षता टेक बहादुर शास्त्री व संचालन नसीम अहमद ने किया। हाजी अनीस अहमद, सुरेश प्रजापति, कयामुद्दीन अंसारी, शाकिर मालिक, अनिल कुमार, हुकम सिंह, डॉ. रघुनाथ सिंह, शमशाद अंसारी, मोहम्मद कासिम प्रधान, मितुल कुमार, संदीप कुमार, रवि कुमार, साबिर अली आदि मौजूद रहे।