हर फरियादी की शिकायत को गंभीरता से लें
बिजनौर। एडीजी के निर्देश पर एएसपी सिटी ने शहर कोतवाली का निरीक्षण किया, जिसमें थाने पहुंचने वाले हर फरियादी की शिकायत पर गंभीरता से विचार करने के लिए कहा। वहीं महिला हेल्प डेस्क और महिला बीट अधिकारियों का कामकाज की समीक्षा की। महिला बीट अधिकारियों को गांव-गांव जाकर महिलाओं के बीच चौपाल लगाने के निर्देश दिए।
एएसपी सिटी डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने थाना कोतवाली शहर का निरीक्षण किया, जिन्होंने थाना कार्यालय, बैरक, मेस आदि कि साफ-सफाई का जायजा लिया। खासकर रहने के स्थानों पर मूलभूत सुविधाएं, थानों पर आगंतुकों के बैठने के स्थान, पीने के पानी, स्वच्छ शौचालय आदि की सुविधा के बारे में भी जाना। शिकायतों को लेकर निर्देश दिए कि थाने पर आने वाले हर शिकायतकर्ता की सुनवाई होनी चाहिए। गुणवत्तापरक निस्तारण नहीं हुआ तो कार्रवाई होगी। थाने के अभिलेखों का रखरखाव, महिला हेल्प डेस्क, सीसीटीएनएस, आईजीआरएस, टॉप-10 अपराधी, गैंगस्टर, माफिया को लेकर भी जानकारी ली। महिला बीट कर्मियों से वार्ता कर कहा कि गांव-गांव जाकर महिलाओं को जागरूक करने का सिलसिला थमना नहीं चाहिए। क्षेत्र में अवैध रुप से संचालित टैक्सी, बस स्टैंड को लेकर भी निर्देश दिए।