टेबल टेनिस चैंपियनशिप का शुभारंभ
नूरपुर (बिजनौर)। आरआर पब्लिक स्कूल में सीबीएसई की ओर से आयोजित पांच दिवसीय राष्ट्रीय स्तरीय टेबल टेनिस चैंपियनशिप प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय की प्रबंधक दीपा गुप्ता, प्रधानाचार्य प्रणय मनु गुप्ता ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता में देश के सभी राज्यों के अलावा बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात आदि देशों के एक हजार से भी अधिक खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता का समापन 14 नवंबर को होगा। शुभारंभ अवसर पर प्रधानाचार्य प्रणय मनु गुप्ता ने खिलाड़ियों में उत्साह भरते हुए उनसे एकाग्रचित्त होकर खेल भावना के साथ खेलने को कहा। उन्होंने विद्यालय में हो रही राष्ट्रीय स्तरीय चैंपियनशिप प्रतियोगिता के आयोजन पर खुशी जताते हुए कहा कि उनके लिए गौरव का विषय है कि उनके विद्यालय को इस प्रतियोगिता के लिए चुना गया। प्रतियोगिताओं से छात्रों में आत्मविश्वास बढ़ता है और अनेक प्रतिभाएं निकलकर सामने आती हैं। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्रधानाचार्य के अनुसार रविवार से मुख्य मुकाबले शुरू होंगे और दोपहर बाद रिजल्ट आने शुरू हो जाएंगे। कार्यक्रम के आयोजन में खेल सचिव टीकम सिंह, सीबीएसई ऑब्जर्वर डॉ. पुष्पेंद्र पुरस्वानी, चीफ टेक्निकल अतुल चौधरी, ऑफिशल कमेटी सुभाष तेवतिया, धर्मेंद्र जोशी, अंकित जोशी, हरभजन सिंह, कपिल चौधरी, सचिन देव, नीरज त्यागी, संजीव देवास, चंचल कटारिया, स्वाति यादव, नवीन कुमार आदि उपस्थित रहे।