बिजनौर। जिले के पांच लोग और स्वाइन फ्लू से संक्रमित पाए गए हैं। आईएचआईपी (एकीकृत स्वास्थ्य सूचना पोर्टल) पर रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग जानकारी में जुट गया है। संक्रमित मरीजों से फोन पर पूछताछ करने के बाद बचाव की सलाह दी गई। अब तक बिजनौर के छह लोग स्वाइन फ्लू की चपेट में आ गए हैं।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. प्रतीक किशोर ने बताया कि नहटौर के गांव महुआ निवासी 44 वर्षीय महिला, कासमपुर गढ़ी के गांव उदयपुर निवासी 38 वर्षीय पुरुष, चंदक के गांव मकसूदनपुर निवासी 47 वर्षीय पुरुष, शेरकोट निवासी 30 वर्षीय महिला स्वाइन फ्लू से संक्रमित है। इसके अलावा एक बच्चा भी स्वाइन फ्लू से ग्रसित मिला। इसकी रिपोर्ट आईएचआईपी पर आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की निगरानी टीम ने मरीजों से बात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली। इनमें कोई मरीज गुरुग्राम तो कोई देहरादून में रहकर काम कर रहा है। वहीं, स्वाइन फ्लू से ग्रसित मिला। सभी मरीज वहीं पर आइसोलेट हैं और स्वस्थ हैं। इससे पहले चांदपुर के मोहल्ला बाजार निवासी नसरीन स्वाइन फ्लू से ग्रसित मिली थी, जिसकी 10 दिन पहले मौत हो चुकी है। मौत का कारण हार्टअटैक, फेफड़ों में दिक्कत बताया जा रहा है।
स्वाइन फ्लू से संक्रमित मिले सभी मरीज बाहर रहते हैं। मरीजों से फोन पर बात करके फॉलोअप किया। सभी मरीज ठीक हैं। मरीजों को स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है। ....डॉ. कौशलेंद्र सिंह, सीएमओ, बिजनौर