नगीना में गन्ना समिति रोड पर नहर किनारे सड़क पर बिखरे कच्ची शराब के पाउच।
- फोटो : BIJNOR
नगीना। बाइक से शराब सप्लाई करने जा रहे दो युवकों ने पुलिस गाड़ी देखकर शराब की थैलियों से भरे दो कट्टे गन्ना समिति रोड पर नहर किनारे सड़क पर छोड़कर भाग गए। जबकि दूसरी बाइक पर मौजूद दो युवकों को आबकारी विभाग के सिपाही द्वारा पकड़ लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सोमवार की सुबह धामपुर रोड से नहर की तरफ वाले रास्ते पर दो बाइकों पर सवार चार युवक दो-दो बोरों के साथ आ रहे थे। पीछे से अचानक पुलिस की 112 डायल गाड़ी को आता देखकर उन्होंने बाइकों को दौड़ा दिया। एक बाइक को वहीं मौजूद आबकारी विभाग के सिपाही ने पकड़ लिया। दूसरी बाइक के सवार युवक गन्ना समिति रोड पर पहुंच गए लेकिन 112 डायल को पीछे आता देखकर दोनों कट्टे सड़क पर नहर किनारे डाल कर भाग गए। दोनों कट्टों में भरी शराब की थैलियां सड़क पर बिखर गई। सूचना मिलने पर तहसीलदार हामिद हुसैन मौके पर पहुंचे और थाने से एसआई जितेंद्र कुमार को बुलवाया तथा अपनी देखरेख में शराब के दोनों कट्टों को ई रिक्शा में रखवा कर थाने भिजवाया। सीओ अर्चना सिंह ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। उन्होंने आबकारी विभाग के सिपाही द्वारा दो युवकों को मौके से पकड़ने की बात भी स्वीकार की है।