बिजनौर। यूपी बोर्ड के विद्यालयों के छात्र छात्राएं पब्लिक स्कूलों की तरह विभिन्न प्रकार की ज्ञानवर्धक एक्टीविटीज करते दिखाई पड़ेंगे। स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2022-23 में नई शिक्षा नीति के अनुसार पढ़ाई होगी। किताबी ज्ञान के साथ विद्यार्थियों के लिए फील्ड वर्क भी होगा। विद्यालयों में समर कैंप व क्लासेज आयोजित होंगे।
शासन का नई शिक्षा नीति में करो और सीखो पर जोर है। इसलिए विद्यालयों के लिए महीने वार एक्टीविटीज आधारित शैक्षिक कलेंडर जारी किया गया है। शिक्षकों व छात्रों के लिए फील्ड वर्क अनिवार्य होगा। विद्यालयों के लिए मई तथा जून की गतिविधियां तय हो गई है। शासन के निर्देश है कि विद्यालय विभिन्न विषयों का निर्धारित मासिक पाठ्यक्रम मई में पूरा करें। डीआईओएस कार्यालय के अनुसार शिक्षकों को पढ़ाए गए चैप्टर शिक्षक दैनंदनी में अंकित करने हैं।
कहा गया है कि जून माह में छात्र छात्राओं के समर कैंप व क्लासेज लगेंगी। समर क्लासेज में छात्र छात्राओं की विविध रुचियों व अंतर्निहित क्षमताओं को प्रोत्साहन प्रदान करने के उद्देश्य से रचनात्मक एक्टीविटीज होंगी। समर कैंप व क्लासेज विद्यालय बंद होने के बाद एक सप्ताह अथवा विद्यालय खुलने के एक सप्ताह पूर्व आयोजित होंगी। इसकी जानकारी डीआईओएस कार्यालय को देनी जरूरी है।
समर कैंप व क्लासेज में ये होंगे कार्यक्रम
बताया गया है कि समर कैंप व क्लासेज में छात्र छात्राओं को गीत, नृत्य, सिलाई कढ़ाई, अनुपयोगी वस्तुओं से उपयोगी वस्तुओं का निर्माण, स्थानीय एवं पारंपरिक हस्त शिल्प, सृजनात्मक लेखन, चित्रकला, रंगोली, खेल ,नाटक आदि क्रिया कलाप होंगे। सभी एक्टीविटीज शिक्षकों या शिक्षकों की उपस्थिति में प्रशिक्षकों द्वारा कराई जाएंगी।
ये कहना है डीआईओएस का
डीआईओएस राजेश कुमार का कहना है कि शासन के निर्देश विद्यालयों को भेज दिए जाते हैं। निर्देश का शत प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी विद्यालयों की है। शैक्षणिक सत्र 2022-23 का शैक्षिक कलैंडर विद्यालयों को भेज दिया गया है। टीम भेजकर समर कैंप व क्लासेज की जांच कराई जाएगी।