अल्हैपुर में डीसीओ के साथ गन्ना देखने पहुंचे अलीगढ़ के किसान।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में जिले में ट्रैंच विधि से बोया गन्ना देखकर अलीगढ़ के किसान दंग रह गए। उनका कहना है कि अब वे भी अपने जनपद में इस विधि से गन्ना उत्पादन का प्रयास करेंगे।
अलीगढ़ के जिला गन्ना अधिकारी सुनील कुमार रविवार को किसान विवेक सिंह, मुकेश कुमार, धर्मेंद्र, अताउल्ला, जितेंद्र आदि के साथ बिजनौर पहुंचे। डीसीओ ओपी सिंह ने उन्हें गांव बाल्लापुर के ब्रह्मपाल सिंह, करौंदा चौधर के शरद त्यागी, आंकू के करनवीर त्यागी के अलावा अल्लैहपुर के कुछ किसानों द्वारा ट्रैंच विधि से बोए गए गन्ने के खेत दिखाए। खेतों में 16 फीट तक लंबे गन्ने को देखकर अलीगढ़ के किसान हैरान हुए।
उन्होंने यहां के किसानों के प्रयासों को सराहा। डीसीओ ओपी सिंह ने बताया कि खेतों में 8436, 0238, 0239, 99214, 97022, 118 आदि प्रजाति के गन्ने से अच्छा उत्पादन लिया जा सकता है। उन्होंने बताया कि बिजनौर में ट्रैंच विधि से गन्ना बोने के लिए किसानों ने खेतों को फिर से तैयार करना शुरू कर दिया है।