गन्ना समितियों का चुनावों का एलान
बिजनौर। जिले की गन्ना समितियों के चुनाव का एलान हो गया है। समितियों के डेलीगेट, डायरेक्टर और चेयरमैन चुनने के लिए अलग अलग तारीख हैं। चुनाव प्रक्रिया 20 फरवरी से शुरू होगी।
जिले में बिजनौर, हल्दौर, चांदपुर, नजीबाबाद, नूरपुर, स्योहारा, धामपुर, अफजलगढ़ तथा नगीना में सहकारी गन्ना समितियां हैं। अपर जिला सांख्यिकी अधिकारी सहकारी समितियां सत्यपाल सिंह ने पीके महांति मुख्य निर्वाचन आयुक्त सहकारी समितियों के पत्र का हवाला देते हुए बताया कि गन्ना समितियों में सामान्य निकाय गठन के लिए सबसे पहले प्रतिनिधि अर्थात डेलीगेट का चुनाव होगा। इसके लिए 20 फरवरी को अनंतिम तथा 25 फरवरी को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। बताया कि 26 फरवरी को नामजदगी है। 28 फरवरी को चुनाव चिह्नों का आवंटन होगा। इसके बाद छह मार्च को मतदान होगा। मतदान के बाद मतगणना तथा परिणाम की घोषणा होगी। अपर जिला सांख्यिकी अधिकारी के अनुसार प्रबंध कमेटी के सदस्यों अर्थात डायरेक्टर के चुनाव के लिए 13 मार्च को अनन्तिम तथा 17 मार्च को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। बताया कि 18 मार्च को नामांकन पत्र दाखिल होंगे। 20 मार्च को चुनाव चिह्नों का आवंटन होगा। एक अप्रैल को वोट पडे़ंगे। वोटिंग समाप्त होने के बाद परिणाम घोषित होगा। बताया गया कि सभापति ,उपसभापति, तथा अन्य समितियों में भेजे जाने वाले प्रतिनिधियों की चुनाव प्रक्रिया एक ही दिन में पूरी होगी। तीन अप्रैल को अनन्तिम मतदाता सूची के प्रकाशन से लेकर मतदान, मतगणना तथा परिणाम घोषित हो होगा। एआर अमित कुमार त्यागी जिला चुनाव प्रभारी हैं।
आरक्षण क्षेत्रों में कोई बदलाव नहीं
बिजनौर। अपर जिला सांख्यिकी अधिकारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि गन्ना समितियों के चुनाव में डेलीगेट पद के लिए कोई आरक्षण नहीं है। डायरेक्टर चुनाव में आरक्षण है। हर समिति में डायरेक्टर का एक पद अनुसूचित जाति, एक पद पिछड़ी जाति अर्थात बीसी तथा दो महिलाओं के लिए आरक्षित है। हर समिति में क्षेत्रों का आरक्षण पिछले चुनाव वाला ही रहेगा। आरक्षण क्षेत्रों में कोई बदलाव नहीं है। बताया कि सभापति तथा उपसभापति पद के लिए भी कोई आरक्षण नहीं है।
20 जनवरी तक हो जाएगी चुनाव अधिकारियों की घोषणा
बिजनौर। अपर जिला सांख्यिकी अधिकारी ने बताया की चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिले के सहकारी गन्ना समितियों से सदस्यों की सूची मंगवाई जा रही है। गन्ना उत्पादक किसान समिति के सदस्य होते हैं। चुनाव अधिकारी नियुक्त करने का काम शुरू हो गया है। 20 जनवरी तक चुनाव अधिकारियों की सूची फाइनल हो जाएगी।