धामपुर चीनी मिल का गन्ना क्षेत्रफल 762 हेक्टेयर बढ़ा
धामपुर। धामपुुर चीनी मिल का गन्ना सर्वे का कार्य पूरा हो गया है। सर्वे आंकड़ों के अनुसार इस बार धामपुर चीनी मिल का गन्ना क्षेत्रफल पिछले साल की तुलना में करीब तीन प्रतिशत यानि कि 762 हेक्टेयर बढ़ा है। पिछले साल 50,236 हेक्टेयर जमीन में गन्ने की फसल थी। जो अबकी बार बढ़ कर 50,998 हेक्टेयर हो गई है।
धामपुर चीनी मिल के गन्ना जीएम ओमवीर सिंह ने बताया कि धामपुर चीनी मिल और गन्ना विभाग की ओर से 15 जून से लेकर 31 जुलाई तक प्लॉटवार गन्ना सर्वे किया गया है। सर्वे आंकड़ों के अनुसार इस बार गन्ना क्षेत्रफल में पिछले साल की तुलना में तीन प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई है। सभी क्षेत्रफल में किसानों ने गन्ने की अगैती प्रजाति सीओ. 0238 की बुवाई की है। यह प्रजाति पैदावार के मामले में अन्य प्रजातियों से नंबर वन है। गन्ने की अधिक पैदावार होने की आशंका को देखते हुए चीनी मिल प्रबंधन की ओर से इस बार चीनी मिल को पिछले साल की तुलना में दस दिन पहले चालू करने का निर्णय लिया गया है। पिछले धामपुर चीनी मिल का पेराई सत्र 31 अक्तूबर को चालू हुआ था। जो इस बार इस दिन पहले यानि कि 21 अक्तूबर से चालू होने जा रहा है।
चीनी मिल के वरिष्ठ प्रबंधक मनोज चौहान ने बताया कि पिछले पेराई सत्र में धामपुर चीनी मिल ने 219 दिन के पेराई काल में 239 लाख क्विंटल की गन्ने की पेराई कर देश में नंबर वन स्थान हासिल किया था। चीनी मिल की ओर से सोमवार को किसानों का शत प्रतिशत गन्ना मूल्य भुगतान 764.30 लाख रुपये का क्षेत्र की सभी गन्ना समितियों का किया जा चुका है।